अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। रामगढ़ कसारी स्थित रामसरोवर मंदिर प्रांगण में श्रावण मास के पावन अवसर पर धार्मिक श्रद्धा और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। यहां 108 कन्याओं ने 12 ज्योतिर्लिंगों का जलाभिषेक किया। जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक के दौरान मंदिर परिसर और आसपास का पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम के तहत 108 कन्याएं तियरा ब्रह्मबाबा मंदिर स्थित तालाब से कलश में जल लेकर रामसरोवर पहुंचीं। इस दौरान शिव शक्ति महिला मंडल एवं भिखारी भोले सेवा ट्रस्ट के सदस्य भी उनके साथ मौजूद रहे। डीजे की धुन पर नाचते-गाते श्रद्धालुओं ने शिवभक्ति के जयकारे लगाए, जिससे पूरे मार्ग में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।
रामसरोवर मंदिर प्रांगण में आचार्य अमरेश मिश्र एवं दशरथ शुक्ला द्वारा विधि-विधान से रुद्राभिषेक एवं पूजन कराया गया। इसके बाद आरती संपन्न हुई। पूजन-अर्चन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरा परिसर भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के संयोजक भिक्षुक भिखारी जंगली दास दीनबंधु रमाशंकर गिरी जी महाराज ने बताया कि पूरे सावन माह में प्रतिदिन आचार्य अमरेश मिश्र द्वारा रुद्राभिषेक, पूजन एवं आरती कराई जा रही है। यह धार्मिक आयोजन 28 अगस्त तक जारी रहेगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रुद्राभिषेक एवं पूजन में सहभागिता करने की अपील की।

आयोजन के दौरान शिव शक्ति महिला मंडल की महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर छह महिलाओं ने तलवार के साथ पारंपरिक प्रदर्शन किया। डीजे की धुन और जयकारों के बीच धार्मिक यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
मंदिर परिसर में प्रतिदिन विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। आयोजकों ने बताया कि सावन माह के दौरान नियमित रूप से पूजा-अर्चना एवं भंडारे की व्यवस्था जारी रहेगी।
कार्यक्रम में महेंद्र सिंह, अजय सिंह, किरन मोदनवाल, उर्मिला केशरी, लीलावती, प्रियंका गुप्ता, राजपति, राधिका केशरी, चिंता मौर्य, उर्मिला देवी, प्रहलाद, रामरक्षा, राजेंद्र महाराज, रामखेलावन, परमानंद, रमेश कुमार, कालो देवी, विमला देवी, मीरा, रितु यादव, हीरा सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
![]()















