Last Updated:
Kuku Kohli Death Reason: अरुणा ईरानी के घर मातम पसरा हुआ है. एक्ट्रेस के पति और मशहूर डायरेक्टर कुकू कोहली का अचानक निधन हो गया है. वे किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित नहीं थे. उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. मगर उन्हें बचाया नहीं जा सका. वे 77 साल के थे. उन्होंने करीब 30 साल हिंदी सिनेमा को दिए थे. डायरेक्टर के तमाम दोस्त और करीबी उनके निधन पर दुख जता रहे हैं.
कुकू कोहली 77 साल के थे.
नई दिल्ली: मशहूर डायरेक्टर कुकू कोहली का निधन हो गया है. वे मशहूर एक्ट्रेस अरुणा ईरानी के पति थे. वे अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़कर गए हैं. वे किसी गंभीर बिमारी से पीड़ित नहीं थे. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्हें कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल ले जाया गया. दुर्भाग्यवश, उन्हें बचाया नहीं जा सका. उन्होंने अस्पताल में 77 साल की आयु में अंतिम सांस ली.
कुकू कोहली ने कुछ नायाब फिल्में हिंदी सिनेमा को दी हैं. उन्होंने राज कपूर के असिस्टेंट से तौर पर काम करना शुरू किया था. उन्होंने ‘फूल और कांटे’ से बतौर डायरेक्टर डेब्यू किया था, जिससे अजय देवगन और एक्ट्रेस मधु ने भी डेब्यू किया था. वे डायरेक्टर के अलावा लेखक, एडिटर और स्क्रीनराइटर थे. उनका जन्म पेशावर में हुआ था. वे 30 से ज्यादा सालों से फिल्म इंडस्ट्री में थे. वे फिल्म ‘बेताब’ के सेकंड यूनिट डायरेक्टर थे. यह फिल्म सनी देओल और अमृता सिंह के लिए लॉन्च पैड साबित हुई और दोनों को स्टारडम दिलाया क्योंकि यह एक गोल्डन जुबली फिल्म थी. उनकी एक और फिल्म ‘अर्जुन’ थी जिसमें सनी देओल और डिंपल कपाड़िया थे. यह एक सिल्वर जुबली फिल्म थी. इसके बाद, उन्होंने ‘फूल और कांटे’ डायरेक्ट की, जिसने डायमंड जुबली का दर्जा हासिल किया और अजय देवगन को स्टार बनाया.
बड़े सितारों के साथ की कई फिल्में
कुकू कोहली ने धर्मेंद्र के साथ ‘कोहराम’ और अजय देवगन, अक्षय कुमार, करिश्मा कपूर व नगमा के साथ ‘सुहाग’ डायरेक्ट की. ‘सुहाग’ भी एक गोल्डन जुबली फिल्म रही. ‘हकीकत’ में अजय देवगन और तब्बू थे. इसे फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में बेस्ट डायरेक्टर समेत 7 कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया था. कुकू कोहली को इसी फिल्म के लिए स्क्रीन अवॉर्ड्स में भी साल के बेस्ट डायरेक्टर के तौर पर नॉमिनेट किया गया था. उनकी डायरेक्ट की गई एक और फिल्म ‘जुल्मी’ थी जिसमें अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना थे. यह फिल्म भी हर जगह सफल रही. उनकी अगली फिल्म ‘अनाड़ी नंबर 1’ थी जिसमें गोविंदा ने डबल रोल निभाया था. इसके बाद, उन्होंने ‘ये दिल आशिकाना’ बनाई. इस फिल्म के साथ म्यूजिक मास्टर्स नदीम-श्रवण ने इंडस्ट्री में कमबैक किया.
अरुणा ईरानी से की थी दूसरी शादी
कुकू कोहली की आखिरी डायरेक्ट की गई फिल्म ‘वो तेरा नाम था’ थी, जिसमें अर्जन बाजवा और कांची कौल थे. कुकू कोहली ने 1990 में एक्ट्रेस अरुणा ईरानी से दूसरी शादी की और इस कपल की कोई संतान नहीं है. रीटा कोहली के साथ पहली शादी से उनके बच्चे हैं- बेटियां पूजा कोहली और करिश्मा कोहली, दोनों सिनेमा जगत में सक्रिय हैं. करिश्मा ने कबीर खान की फिल्मों ‘एक था टाइगर’ और ‘बजरंगी भाईजान’ में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया है और नेटफ्लिक्स सीरीज ‘द फेम गेम’ को को-डायरेक्ट भी किया है.
About the Author

अभिषेक नागर \’न्यूज18 डिजिटल\’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर \’न्यूज18 डिजिटल\’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और…
और पढ़ें
![]()










