लखनऊ/एबीएन न्यूज। यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खानपान सामग्री उपलब्ध कराने और रेलवे परिसरों में अनधिकृत वेंडिंग पर अंकुश लगाने के लिए उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान लखनऊ स्टेशन पर 11 तथा वाराणसी जंक्शन पर 5 अनधिकृत वेंडरों को पकड़ा गया।
24 अगस्त की देर शाम लखनऊ स्टेशन पर वाणिज्य विभाग की कैटरिंग टीम और रेलवे सुरक्षा बल ने संयुक्त औचक जांच की। गाड़ी संख्या 04013 के प्लेटफॉर्म संख्या 6/7 तथा गाड़ी संख्या 12358 के प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर जांच के दौरान 11 वेंडर बिना वैध दस्तावेज के यात्रियों को खाद्य पैकेट बेचते मिले। सभी को खाद्य सामग्री सहित आगे की कार्रवाई के लिए आरपीएफ, लखनऊ के सुपुर्द कर दिया गया।

इसी तरह 25 अगस्त को वाराणसी जंक्शन पर गाड़ी संख्या 19091 के प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर कैटरिंग टीम, आरपीएफ और टिकट चेकिंग विभाग ने संयुक्त जांच अभियान चलाया। इस दौरान 5 अनधिकृत वेंडर बिना वैध दस्तावेज के यात्रियों को खाद्य सामग्री और पानी की बोतलें बेचते पकड़े गए। उन्हें भी आवश्यक कार्रवाई के लिए आरपीएफ, वाराणसी के हवाले कर दिया गया।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने कहा कि यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण खानपान सामग्री उपलब्ध कराने और रेलवे परिसरों में अनधिकृत गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के जांच अभियान आगे भी लगातार और सख्ती के साथ चलाए जाएंगे।
![]()












