लखनऊ/एबीएन न्यूज। भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ में जोनल रेलों के प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधकों (PCOMs) के दो दिवसीय सम्मेलन के दूसरे दिन माल परिचालन, डिजिटल टूल्स, परिचालन समन्वय और रेल परिवहन के उभरते अवसरों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत रोड टैरिफ डैशबोर्ड एवं फ्रेट मैप विजुअलाइजेशन डैशबोर्ड के उद्घाटन से हुई। इन डिजिटल टूल्स का उद्घाटन रेलवे बोर्ड के सदस्य (परिचालन एवं व्यवसाय विकास) डॉ. मनोज सिंह ने किया। इसके बाद कार्यकारी निदेशक (व्यवसाय विकास), रेलवे बोर्ड श्री राकेश कुमार रौसन ने प्रस्तुतीकरण दिया। इन डैशबोर्ड के माध्यम से माल परिवहन से जुड़े आंकड़ों के विश्लेषण, टैरिफ निर्धारण और दृश्यांकन में मदद मिलेगी तथा डेटा आधारित निर्णय लेने की प्रक्रिया मजबूत होगी।

सम्मेलन में विभिन्न जोनल रेलों के PCOMs ने प्रमुख परिचालन पहलों, उभरते रुझानों और बेहतर कार्यप्रणालियों पर प्रस्तुतियां दीं। DFCCIL, CONCOR और CRIS के प्रतिनिधियों ने भी माल परिवहन अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, डिजिटल समाधान और तकनीक आधारित सेवाओं से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।

इसके बाद रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ यातायात अधिकारियों के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें परिचालन एवं यातायात परिवहन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। सम्मेलन के समापन अवसर पर श्री राहुल अग्रवाल, PEDTT(M), रेलवे बोर्ड ने समापन टिप्पणी प्रस्तुत की। इसके बाद ओपन फोरम में अधिकारियों ने साझा हित के विषयों पर अपने सुझाव और विचार रखे।
दो दिवसीय सम्मेलन ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को परिचालन चुनौतियों पर मंथन, सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान तथा माल परिवहन की दक्षता, प्रतिस्पर्धात्मकता और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं को बढ़ाने के लिए तकनीक आधारित समाधान तलाशने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।
![]()

















