लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल की ओर से लखनऊ जंक्शन स्टेशन पर स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्र के निर्देशन एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
शिविर में लखनऊ जंक्शन पर कार्यरत कुल 70 रेलकर्मियों एवं सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच के दौरान 14 कर्मचारी नए रूप से उच्च रक्तचाप से प्रभावित पाए गए, जबकि एक कर्मचारी पहले से उच्च रक्तचाप से ग्रसित था। मधुमेह जांच में एक नया मामला सामने आया तथा एक कर्मचारी पहले से मधुमेह से पीड़ित पाया गया।

डॉ. संजय तिवारी ने कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने उच्च रक्तचाप और मधुमेह के नियंत्रण के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, तनाव प्रबंधन तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने पर जोर दिया।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य कर्मचारियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, बीमारियों की समय रहते पहचान करना तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित उपचार सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर डॉ. रंजना पाटनी, पैरा मेडिकल स्टाफ एवं रेलकर्मी उपस्थित रहे।
![]()











