सोनभद्र/एबीएन न्यूज। ईद-ए-मिलाद (बारावफात), रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्वों को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, पीस कमेटी के सदस्यों, गणमान्य नागरिकों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ पर्वों की तैयारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार हमारी साझा संस्कृति, सामाजिक एकता और भाईचारे के प्रतीक हैं। सोनभद्र में आपसी सौहार्द की समृद्ध परंपरा रही है और इसे बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों से पर्वों को परंपरागत तरीके से शांति, संयम और उल्लास के साथ मनाने तथा समाज में भाईचारे का संदेश देने की अपील की।
ईद-ए-मिलाद के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों एवं धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि पर्वों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया के प्रयोग में भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें तथा भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री को साझा करने से बचें। यदि कोई ऐसी सूचना मिले, जिससे शांति एवं सौहार्द प्रभावित होने की आशंका हो, तो तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं।
बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भी अपने सुझाव रखे और जनपद में शांति, सद्भाव एवं भाईचारे की परंपरा को कायम रखते हुए सभी पर्वों को सकुशल संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों को आगामी पर्वों की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “हमारी विविधता ही हमारी सामाजिक शक्ति है। एक-दूसरे की आस्था और भावनाओं का सम्मान करते हुए त्योहारों को मिल-जुलकर मनाएं तथा सोनभद्र की शांति, सद्भाव और भाईचारे की पहचान को और मजबूत करें।”
![]()












