सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा बरसात के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के साथ ही विशेष अभियान चलाकर एक सप्ताह के भीतर सड़कों के गड्ढे भरने की कार्रवाई पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सीधे आमजन के जीवन और सुरक्षा से जुड़ा विषय है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई/टोल प्लाजा, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों तथा जिला पंचायत के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर गड्ढों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। दुर्घटना संभावित और अधिक क्षतिग्रस्त मार्गों को तत्काल चिन्हित कर मरम्मत कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में विभिन्न क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त सड़कों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने प्रत्येक मार्ग की स्थिति, मरम्मत की प्रगति और लंबित कार्यों की जानकारी लेते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क के गड्ढों के कारण दुर्घटना होने पर संबंधित अधिकारी अथवा विभाग की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

आवारा पशुओं पर भी चलेगा अभियान
सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित एवं आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिलाधिकारी ने नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत राज विभाग एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। ऐसे पशुओं को पकड़कर नियमानुसार गौशालाओं में संरक्षित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने यातायात नियमों के पालन, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशों का पालन केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका असर धरातल पर स्पष्ट दिखाई देना चाहिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, उपजिलाधिकारी घोरावल विशाल कुमार, उपजिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज आशीष त्रिपाठी, संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिशासी अभियंता, एआरटीओ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()












