सोनभद्र/एबीएन न्यूज। युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवा से जोड़ने की दिशा में मंगलवार का दिन सोनभद्र के 46 नवचयनित युवाओं के लिए यादगार रहा। कृषि विभाग में चयनित प्राविधिक सहायक ग्रुप-‘सी’ अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उप कृषि निदेशक, सोनभद्र कार्यालय के सभागार में देखा और सुना गया।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री श्री संजीव कुमार गोंड की अध्यक्षता में 46 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। लंबे परिश्रम के बाद सरकारी सेवा में चयन और नियुक्ति पत्र मिलने की खुशी युवाओं के चेहरों पर साफ दिखाई दी।

राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र केवल सरकारी सेवा में प्रवेश का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा के महत्वपूर्ण दायित्व की शुरुआत है। उन्होंने नवचयनित कार्मिकों से पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा शासन की कृषि कल्याणकारी योजनाओं एवं नई तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को उनकी योग्यता एवं प्रतिभा के आधार पर निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। कृषि विभाग में नए प्राविधिक सहायकों की नियुक्ति से विभागीय कार्यों को गति मिलेगी और किसानों तक तकनीकी मार्गदर्शन व सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नवचयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा और सुना। इस अवसर पर नवचयनित कार्मिकों को पारदर्शिता, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया।
नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं में नई जिम्मेदारी को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। उन्होंने कृषि एवं किसान कल्याण के क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने के संकल्प के साथ अपने शासकीय सेवाकाल की शुरुआत की।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं नवचयनित प्राविधिक सहायक उपस्थित रहे।
![]()












