सोनभद्र/एबीएन न्यूज। नगर पंचायत डाला के वार्ड नंबर-6 में कराए जा रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी मिलने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। उप जिलाधिकारी श्री जफर अहमद ने स्थलीय निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता मानक के अनुरूप न पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री बागीश कुमार शुक्ला के निर्देश पर उप जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान शिकायतकर्ता श्री राजेश, जिनकी पत्नी सभासद हैं, की उपस्थिति में निर्माण कार्य की जांच की गई।
जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई। मौके पर सीसी रोड के किनारे बनाई जा रही साइड वॉल की जुड़ाई में सीमेंट एवं बालू के स्थान पर भस्सी (गिट्टी की धूल) का प्रयोग किया जाना पाया गया। इसके अलावा सीसी रोड की ढलाई की निर्धारित 6 इंच ऊंचाई भी मानक से कम मिली।

निर्माण कार्य की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर उप जिलाधिकारी ने तत्काल कार्य रुकवा दिया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को मानकों का पालन न करने के संबंध में नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
उप जिलाधिकारी ने नगर पंचायत डाला के अधिशासी अधिकारी श्री अखिलेश सिंह एवं संबंधित अवर अभियंता श्री ओम तिवारी को निर्देशित किया कि आगे का निर्माण कार्य उनकी प्रत्यक्ष निगरानी में कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण में निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सामग्री का ही उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
![]()












