सोनभद्र/एबीएन न्यूज। लोकमाता अहिल्याबाई के त्याग, सेवा, सुशासन और नारी शक्ति के सम्मान की विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को विकास भवन स्थित पंचायत रिसोर्स सेंटर में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के लाइव संबोधन का प्रसारण भी किया गया, जिसे सुनकर महिलाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने लोकमाता अहिल्याबाई के जीवन और उनके जनकल्याणकारी कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन नारी शक्ति, सेवा, सुशासन और जनकल्याण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है। साथ ही रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर महिलाओं को तीन दिन तक निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान और सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

समूह की महिलाओं के उत्पादों को दिलाई जाएगी नई पहचान
डीएम ने कहा कि सोनभद्र में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए उनकी ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग और बेहतर मार्केटिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे स्थानीय उत्पादों की पहचान बढ़ेगी, बाजार का विस्तार होगा और समूहों से जुड़ी महिलाएं आर्थिक रूप से अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित 501 महिलाओं को साड़ी एवं मिठाई वितरित की। विकास भवन परिसर में बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी से उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।

इस अवसर पर एडीएम वागीश शुक्ला, एसडीएम आशीष त्रिपाठी, डीडीओ हेमंत सिंह, डीपीआरओ नमिता शरण, अपर सूचना अधिकारी विनय सिंह, डीपीओ विनीत सिंह, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह, इशिका चौबे, गुड़िया तिवारी, किरण तिवारी, प्रमिला जायसवाल, मीनू चौबे, विंध्यनगर डिपो के एआरएम नागेंद्र पांडेय, सोनभद्र डिपो के एआरएम नद लाल वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
![]()











