अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ के निर्देश पर जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान तेज कर दिया गया है। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में विभिन्न विभाग और कार्यदायी संस्थाएं प्रमुख मार्गों की मरम्मत के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य भी तेजी से करा रही हैं।
एसीपी टोलवेज द्वारा सुकृत से मारकुंडी घाटी तक सड़क को गड्ढामुक्त करने के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। टीमें क्षतिग्रस्त स्थानों की मरम्मत कर सड़क को सुगम बनाने में जुटी हैं। इसके साथ ही आवश्यक स्थानों पर कैट-आई लगाने तथा दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा बोर्ड स्थापित करने का कार्य भी किया जा रहा है।

लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड द्वारा अनपरा-शक्तिनगर, बीजपुर सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर गड्ढामुक्ति एवं पैच मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। सड़कों के क्षतिग्रस्त हिस्सों में गिट्टी डालने के बाद रोलर के माध्यम से व्यवस्थित ढंग से पैच मरम्मत की जा रही है। यह कार्य अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड की देखरेख में कराया जा रहा है।
सड़क मरम्मत के साथ-साथ दुर्घटना बाहुल्य एवं संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां चेतावनी बोर्ड और अन्य आवश्यक सुरक्षा संकेतक लगाए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य वाहन चालकों को समय रहते सचेत करना और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना है।

जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद में सड़कों को सुरक्षित, सुगम और गड्ढामुक्त बनाने का अभियान लगातार जारी है। प्रशासन ने संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी बनाए रखने और मरम्मत कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
![]()













