अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों पर प्रभावी रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत मंगलवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों से खोवा, गुलाब जामुन, पनीर और चंद्रकला मिठाई के कुल चार नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के निर्देश पर 21 अगस्त से 27 अगस्त 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य रक्षाबंधन पर्व के दौरान आमजन को गुणवत्तापूर्ण खोवा, पनीर, दूध एवं दुग्ध उत्पादों से बनी मिठाइयां, बूंदी के लड्डू तथा अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और मिलावट पर अंकुश लगाना है।
विशेष अभियान के तहत 25 अगस्त 2026 को खलियारी रोड, पटवध स्थित एक प्रतिष्ठान से खोवा और गुलाब जामुन का एक-एक नमूना लिया गया। वहीं चोपन बाजार स्थित कन्हैया स्वीट्स से पनीर एवं चंद्रकला मिठाई के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए।
सभी चार नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक के पास भेजा जा रहा है। विभाग ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आमजन को मिलावटी खाद्य पदार्थों से सतर्क रहने और खरीदारी के दौरान गुणवत्ता का ध्यान रखने के प्रति भी जागरूक किया।
इसके अलावा सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय, सोनभद्र के आदेश के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री प्रमोद कुमार यादव द्वारा तहसील रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के ओबरा बाजार में व्यापार मंडल के सहयोग से खाद्य पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में कुल 40 खाद्य पंजीकरण आवेदन कराए गए। इस दौरान सुशील कुशवाहा, गौरव जैन, धर्मराज सिंह, शुभम त्रिपाठी, मनोज कुमार सहित अन्य खाद्य कारोबारकर्ता उपस्थित रहे।
![]()












