अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आरण्यक फाउंडेशन की ओर से सोनभद्र के कोटा ग्राम में सीड बॉल थ्रो कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।
आरण्यक फाउंडेशन की टीम ने ग्रामवासियों के सहयोग से करीब 20 हजार सीड बॉल विभिन्न स्थानों पर थ्रो किए। इस पहल के माध्यम से खाली और उपेक्षित क्षेत्रों में प्राकृतिक रूप से पौधों के विकास को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया, जहां सामान्य तरीके से पौधरोपण करना कठिन होता है।
कार्यक्रम के आयोजन में जिला प्रशासन एवं उप जिलाधिकारी का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। प्रशासन और ग्रामीणों की सहभागिता से अभियान को व्यापक रूप मिला। इस दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण, पौधों की देखभाल तथा प्राकृतिक संसाधनों के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया।

फाउंडेशन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण की मुहिम से जोड़कर जनभागीदारी के माध्यम से जिले में हरियाली को बढ़ावा देना है। संस्था का मानना है कि सीड बॉल जैसी पहल से प्राकृतिक तरीके से पौधों के विकास को प्रोत्साहन मिलेगा और भविष्य में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं स्वयंसेवकों ने पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया। फाउंडेशन ने कहा कि जनभागीदारी और प्रशासन के सहयोग से इस अभियान को आगे भी व्यापक स्तर पर जारी रखा जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता चेतन सिंह ने की। अभियान को सफल बनाने में शशांक शेखर सिंह, पवन सिंह, वैभव सिंह, हिमांशु वर्मा, सृष्टि सिंह, मानसी सिंह और कृतिका पाण्डेय समेत आरण्यक फाउंडेशन की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फाउंडेशन ने जिला प्रशासन, उप जिलाधिकारी, ग्रामवासियों एवं अभियान में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आरण्यक फाउंडेशन का संदेश— “एक कदम बदलाव की ओर”।
![]()












