Last Updated:
रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के रिश्ते को सेलिब्रेट करने का दिन है. इस दिन बचपन की वो यादें ताजा हो जाती हैं, जब भाई-बहन छोटी-छोटी बातों पर लड़ते थे, एक-दूसरे की शिकायत करते थे, लेकिन जरूरत पड़ने पर सबसे पहले एक-दूसरे के साथ खड़े भी होते थे. भाई-बहन का रिश्ता प्यार, नोकझोंक और भरोसे से भरा होता है.इसी आधार पर कई बॉलीवुड फिल्में भी बनाई गई है, जिन्हें आप रक्षाबंधन पर देख सकते हैं.
नई दिल्ली. बॉलीवुड ने भी इस खास रिश्ते को अलग-अलग अंदाज में पर्दे पर दिखाया है. कहीं भाई अपनी बहन के लिए मुश्किलों से लड़ता नजर आता है, तो कहीं बहन अपने भाई को बचाने के लिए हर हद पार कर जाती है. ऐसे में अगर रक्षाबंधन पर परिवार के साथ घर पर फिल्म देखने का प्लान है, तो इन फिल्मों को अपनी लिस्ट में जरूर शामिल कर सकते हैं.
पहली है, सूरज बड़जात्या की साल 1999 में रिलीज हुई ‘हम साथ-साथ हैं’ आज भी परिवार के साथ देखने के लिए पसंद की जाने वाली फिल्मों में शामिल है. फिल्म की कहानी पूरे परिवार के रिश्तों के इर्द-गिर्द घूमती है. इसमें तीन भाइयों और उनकी बहन के बीच का प्यार भी देखने को मिलता है.
कहानी में परिवार के बीच गलतफहमियां आती हैं और रिश्तों में दूरियां भी बनती हैं, लेकिन अपनों के लिए प्यार कम नहीं होता. फिल्म का रक्षाबंधन वाला सीन भी काफी भावुक है. सलमान खान, सैफ अली खान, मोहनीश बहल और नीलम जैसे कलाकारों से सजी यह फिल्म आज भी फैमिली एंटरटेनमेंट के लिए अच्छी पसंद है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
दूसरी है, ‘फिजा’. ऋतिक रोशन और करिश्मा कपूर की ‘फिजा’ भी भाई-बहन के रिश्ते पर बनी यादगार फिल्मों में शामिल है. साल 2000 में रिलीज हुई इस फिल्म में ऋतिक ने अमान और करिश्मा ने फिजा का किरदार निभाया था.दंगों के बाद अमान अचानक गायब हो जाता है. इसके बाद उसकी बहन फिजा उसे ढूंढने के लिए हर मुमकिन कोशिश करती है. वह उम्मीद नहीं छोड़ती और अपने भाई को वापस लाने के लिए लगातार संघर्ष करती रहती है. फिल्म में भाई के लिए बहन का प्यार और उसकी चिंता कहानी को काफी इमोशनल बना देती है.
तीसरी है, अक्षय कुमार की साल 2022 में आई फिल्म ‘रक्षा बंधन’ का नाम ही इस त्योहार की याद दिलाता है. फिल्म में अक्षय कुमार का किरदार अपनी बहनों की शादी की जिम्मेदारी उठाता है.
इस दौरान उसे कई परेशानियों और मुश्किल हालात का सामना करना पड़ता है. फिल्म में परिवार की जिम्मेदारियों के साथ भाई-बहन के बीच का प्यार, त्याग और एक-दूसरे के लिए कुछ भी करने का जज्बा दिखाया गया है. कहानी में आपको हंसी के साथ-साथ कई इमोशनल पल भी देखने को मिलेंगे.
चौथी है, आलिया भट्ट की ‘जिगरा’ भाई-बहन के रिश्ते को एक अलग नजरिए से दिखाती है. फिल्म में एक बहन अपने भाई को मुश्किल से निकालने के लिए हर संभव कोशिश करती है. आलिया का किरदार अपने भाई की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार नजर आता है. रक्षाबंधन पर यह फिल्म इसलिए भी खास लगती है, क्योंकि आमतौर पर हम भाई को बहन की रक्षा करते हुए देखते हैं. ‘जिगरा’ में कहानी इसके उलट है, जहां एक बहन अपने भाई के लिए मजबूती से खड़ी होती है.
रक्षाबंधन पर आप कोई ऐसी फिल्म देखना चाहते हैं, जो सच्ची घटना से जुड़ी हो, तो ‘सरबजीत’ भी आपकी लिस्ट में हो सकती है. फिल्म में पाकिस्तान की जेल में बंद सरबजीत को वापस भारत लाने के लिए उसकी बहन दलबीर कौर के संघर्ष की कहानी दिखाई गई है.
दलबीर अपने भाई को वापस लाने के लिए लंबे समय तक कोशिश करती है. इस दौरान उसे कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है, लेकिन वह हार नहीं मानती. भाई के लिए बहन का यह संघर्ष फिल्म को बेहद भावुक बना देता है.














