लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन द्वारा रेल कर्मचारियों के कल्याण एवं मनोरंजन के उद्देश्य से एक दिवसीय ‘नैमिषारण्य धाम भ्रमण’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कर्मचारी कल्याण निधि के माध्यम से लखनऊ मंडल के 52 रेल कर्मचारियों को नैमिषारण्य तीर्थ स्थल एवं आसपास के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों का निशुल्क भ्रमण कराया गया।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के दिशानिर्देशन में आयोजित भ्रमण शिविर के दौरान कर्मचारियों ने नैमिषारण्य के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन किए। इस दौरान पवित्र चक्रतीर्थ, मां ललिता देवी मंदिर, वेद व्यास पीठ, विष्णु मंदिर एवं हनुमानगढ़ी मंदिर सहित अन्य प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया गया। इन धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की पवित्रता एवं सांस्कृतिक महत्ता से कर्मचारी अभिभूत नजर आए।

मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि ऐसे भ्रमण शिविरों का उद्देश्य कर्मचारियों को दैनिक कार्य की व्यस्तता से कुछ समय निकालकर आध्यात्मिक शांति, प्रकृति के सानिध्य और आपसी सौहार्द का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि नैमिषारण्य का शांत और आध्यात्मिक वातावरण मानसिक शांति के साथ नई ऊर्जा प्रदान करता है। ऐसे आयोजन कर्मचारियों के मनोबल और आपसी समन्वय को भी मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
![]()












