सोनभद्र/एबीएन न्यूज। कलेक्ट्रेट की कार्यप्रणाली को डिजिटल, तेज और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने ई-ऑफिस प्रणाली को पूर्ण रूप से लागू कर दिया है। अब कलेक्ट्रेट में पत्रावलियों का संचालन डिजिटल माध्यम से होगा और एक क्लिक पर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि वह विगत एक सप्ताह से स्वयं डिजिटल सिग्नेचर के माध्यम से ई-ऑफिस पर पत्रावलियों का निस्तारण कर रहे हैं। अब तक 200 से अधिक फाइलों पर ई-ऑफिस के माध्यम से कार्यवाही की जा चुकी है। नई व्यवस्था से फाइलों की प्रभावी मॉनिटरिंग, समयबद्ध निस्तारण तथा महत्वपूर्ण दस्तावेजों के सुरक्षित रखरखाव में सुविधा होगी।
उन्होंने जनपद के सभी कार्यालयाध्यक्षों एवं विभागाध्यक्षों से पत्रावलियों और शासकीय पत्रों का प्रेषण ई-ऑफिस के माध्यम से ही सुनिश्चित करने की अपील की है।
अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला ने बताया कि कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों से ई-ऑफिस के माध्यम से पत्रावलियों एवं पत्रों का प्रेषण शुरू हो चुका है। इससे फाइलों की ट्रैकिंग आसान होगी, कार्यों में तेजी आएगी और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनेगी।
![]()











