सोनभद्र/एबीएन न्यूज। कनहर डैम से प्रभावित परिवारों की भूमि, पुनर्वास एवं अन्य लंबित प्रकरणों के त्वरित और नियमानुसार निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कलेक्ट्रेट सभागार में कनहर विभाग एवं संबंधित राजस्व अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। उन्होंने प्रभावित परिवारों के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर विभागीय समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी ओबरा एवं दुद्धी को प्रभावित क्षेत्रों में भूमि की रजिस्ट्री, सत्यापन और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं से जुड़े लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मिलने वाले लाभ में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। नहर निर्माण के लिए कृषकों की भूमि क्रय से संबंधित समस्याओं पर भी बैठक में विचार-विमर्श किया गया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 1 से 15 सितंबर तक कनहर डैम प्रभावित गांवों में संयुक्त रूप से समस्याएं सुनी जाएं। अधिकारी मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों की भूमि, रजिस्ट्री, सत्यापन, पुनर्वास एवं अन्य समस्याओं को सुनें तथा जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव हो, उनका तत्काल नियमानुसार निस्तारण करें। शेष प्रकरणों का प्रभावी अनुश्रवण करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

डैम के डूब क्षेत्र से प्रभावित अवशेष 252 परिवारों को पुनर्वास पैकेज दिए जाने के संबंध में जिलाधिकारी ने सत्यापन प्रक्रिया शीघ्र और पूरी पारदर्शिता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कनहर डैम के निर्माण से जुड़े शेष कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित निर्माण कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा कराने, बांध की सुरक्षा के लिए आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्थानीय लोगों के सुगम आवागमन के लिए उपयुक्त स्थल पर पुल निर्माण की संभावनाओं का सर्वे कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य अभियंता, कनहर, संबंधित अधीक्षण एवं अधिशासी अभियंता सहित राजस्व और कनहर विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()












