सिंगरौली/एबीएन न्यूज। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) मुख्यालय के अंतर्गत ज्योत्सना महिला समिति द्वारा सीनियर सिटीजन डे के अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान एनसीएल परिवार के वरिष्ठ सदस्यों के समृद्ध अनुभवों, उच्च आदर्शों और समाज के प्रति उनके योगदान को सम्मानपूर्वक नमन किया गया।
कार्यक्रम ज्योत्सना महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती बी. के. दुर्गा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समिति की उपाध्यक्षा श्रीमती नम्रता कुमार, श्रीमती रूबी जायसवाल समेत अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। आयोजन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों और नैतिक मूल्यों से समाज एवं नई पीढ़ी को प्रेरणा देना रहा।

समारोह के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण संस्मरण और खट्टे-मीठे अनुभव साझा किए। उन्होंने नई पीढ़ी को सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने और सफलता के लिए निरंतर प्रयास करने की सीख दी। सम्मानित वरिष्ठ जनों ने इस आत्मीय आयोजन के लिए ज्योत्सना महिला समिति का आभार जताते हुए सदस्याओं को आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वरिष्ठ नागरिकों को श्रीमद्भगवद्गीता की प्रतियां भेंट की गईं तथा आगामी रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए उन्हें रक्षासूत्र भी बांधा गया। इसके बाद समिति की सदस्याओं ने सभी वरिष्ठ जनों को ससम्मान अपने हाथों से स्वादिष्ट व्यंजन परोसे।

गौरतलब है कि ज्योत्सना महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती बी. के. दुर्गा द्वारा पिछले वर्ष सीनियर सिटीजन डे पर वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान की इस अनूठी परंपरा की शुरुआत की गई थी, जिसे इस वर्ष भी पूरे उत्साह और निष्ठा के साथ आगे बढ़ाया गया।
![]()












