सिंगरौली/एबीएन न्यूज। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिंगरौली में स्नेह, अपनत्व और उत्साह से भरा भावपूर्ण माहौल देखने को मिला। बैढ़न क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम. के साथ रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उत्कृष्ट विद्यालय, सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ई-कोल इंटरनेशनल स्कूल एवं संस्कार वैली विद्यालय की छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक को तिलक लगाकर राखी बांधी और उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल जीवन की कामना की। छात्राओं के स्नेह से पूरा वातावरण आत्मीय और भावपूर्ण हो उठा।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने छात्राओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफलता की कामना की। उन्होंने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, अपने सपनों को लक्ष्य बनाकर मेहनत करने तथा सुरक्षा के प्रति सदैव जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

एसपी ने कहा कि रक्षाबंधन का पवित्र पर्व स्नेह के साथ विश्वास, सम्मान, सुरक्षा और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी समस्या या असुरक्षा की स्थिति में वे बिना झिझक अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि सिंगरौली पुलिस बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी यातायात सूबेदार आशीष तिवारी, सउनि (एम) सतीश कुमार एवं प्रधान आरक्षक आशीष बागरी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
![]()


















