बरेली में रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार को रोडवेज बस अड्डों से लेकर रेलवे स्टेशनों तक यात्रियों की भीड़ उमड़ी। सेटेलाइट और उमड़ा पुराने बस अड्डे पर बस में सवार होने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
रोडवेज और ई-बसों में सवार होने के लिए जद्दोजहद करती महिलाओं के चेहरे से मुफ्त सफर की खुशी काफूर हो गई। बहनों को कई रूटों पर बसों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। रक्षाबंधन के मद्देनजर रोडवेज ने बृहस्पतिवार को सुबह छह बजे से महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा की व्यवस्था की है। इस दौरान बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों के बीच मारामारी की स्थिति रही। कई महिलाएं चोटिल होने से बचीं।
देर रात तक बस अड्डे पर रही भीड़
महिलाओं ने गोद में लिए बच्चों को बसों की खिड़कियों से सीट पर बैठाने का प्रयास किया। सेटेलाइट बस अड्डे पर यात्री बसों का इंतजार करते नजर आए। पीलीभीत और शाहजहांपुर जाने वाले यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ा। सुबह से लेकर देर रात तक बस अड्डों पर यही स्थिति रही। बस अड्डे में जगह-जगह गंदगी भी नजर आई।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम ने बताया कि अतिरिक्त बसों का संचालन कराया गया है। यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए टीमें गठित कर अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। जो भी परेशानियां सामने आईं हैं, उनको दूर किया जाएगा।











