सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के समक्ष जनसुनवाई के दौरान भाई-बहन के अटूट स्नेह से जुड़ा एक भावुक प्रकरण सामने आया। पारिवारिक विवाद के कारण अलग-अलग रह रहे दो मासूम भाई-बहन की रक्षाबंधन पर मिलने की इच्छा को जिलाधिकारी की संवेदनशील पहल ने पूरा कर दिया।
बताया गया कि 9 वर्षीय आराध्या राजश्री अपने पिता राजकुमार के साथ, जबकि उसका 5 वर्षीय भाई सिद्धार्थ अपनी माता मीरा कुमारी के साथ रह रहा है। माता-पिता के बीच पारिवारिक विवाद का मामला सिविल न्यायालय में विचाराधीन है। जनसुनवाई के दौरान आराध्या ने जिलाधिकारी के समक्ष अपने छोटे भाई को राखी बांधने की इच्छा व्यक्त की।
बालिका की भावनाओं को समझते हुए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज आशीष त्रिपाठी को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके बाद दोनों बच्चों को रॉबर्ट्सगंज थाने बुलाया गया, जहां आराध्या ने अपने भाई सिद्धार्थ की कलाई पर राखी बांधी।
भाई-बहन के इस भावुक मिलन के दौरान दोनों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। राखी बांधते समय उनकी आंखों में खुशी के आंसू भी छलक पड़े। दोनों बच्चों ने इस अवसर पर खुशी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी के प्रति आभार जताया। डीएम की पहल से पारिवारिक विवाद के बीच भाई-बहन को रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एक-दूसरे के साथ स्नेह और अपनत्व का भावुक पल साझा करने का अवसर मिला।
![]()
















