शक्तिनगर/एबीएन न्यूज। सोनभद्र जिले के शक्तिनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीना परियोजना में एनसीएल के एक सीनियर ओवरमैन की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आया है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके कथित प्रेमी तथा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 40 वर्षीय रमाकांत मिश्रा पुत्र रामयश मिश्रा एनसीएल बीना परियोजना में सीनियर ओवरमैन के पद पर कार्यरत थे और आवासीय परिसर बी-264 में रहते थे। उनका शव 22 अगस्त को संदिग्ध परिस्थितियों में कॉलोनी की सड़क किनारे मिला था।
मृतक के पिता रामयश मिश्रा ने शक्तिनगर थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि घटना से पहले रमाकांत ने उन्हें फोन कर अपनी पत्नी प्रियंका मिश्रा के एक व्यक्ति विकास चौहान के साथ कथित संबंधों को लेकर चिंता जताई थी। पिता का आरोप है कि पत्नी, कथित प्रेमी और अन्य लोगों ने मिलकर हत्या की और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को सड़क किनारे फेंक दिया, ताकि घटना को सड़क दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
शक्तिनगर थाना प्रभारी सत्येंद्र राय के अनुसार, मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर पत्नी प्रियंका मिश्रा, विकास चौहान तथा अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या एवं साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने बताया कि विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]()















