Last Updated:
Mohammed Rafi Similar Hit Songs : विजय आनंद फिल्म ‘तीसरी मंजिल’ के संगीत के लिए आरडी बर्मन को लेना चाहते थे, मगर शम्मी कपूर को नए संगीतकार पर भरोसा नहीं था. वे शंकर-जयकिशन या ओपी नय्यर को लेने के पक्ष में थे. मतभेद के बीच जब आरडी बर्मन की एंट्री हुई, तो प्रोड्यूसर नासिर हुसैन ने उन्हें एक चैलेंज दिया. उन्होंने मोहम्मद रफी के अमर गीत ‘जान पहचान हो जीना आसान हो’ जैसा धमाकेदार गाना बनाने को कहा, जिसका संगीत शंकर-जयकिशन ने दिया था. आरडी बर्मन ने फिर ऐसा झामफाड़ गाना बनाया कि उससे शम्मी कपूर सुपरहिट हुए ही, आज भी लोग उस पर झूमना पसंद करते हैं. दोनों गानों की शुरुआती धुन मिलती है. उनके ऑर्केस्ट्रा का अरेंजमेंट भी लगभग समान है. फिल्म ‘तीसरी मंजिल’ के संगीत के चलते आरडी बर्मन को बड़ी पहचान मिली.
गाने पर शम्मी कपूर-आशा पारेख ने धमाकेदार डांस किया था. (फोटो साभार: YouTube/Videograb)
नई दिल्ली: आरडी बर्मन के करियर में फिल्म ‘तीसरी मंजिल’ टर्निंग प्वॉइंट साबित हुई थी. विजय आनंद अपने भाई देव आनंद के साथ फिल्म ‘तीसरी मंजिल’ बनाना चाहते थे, मगर किसी वजह से वे इसका हिस्सा नहीं बन पाए. इसमें फिर शम्मी कपूर की एंट्री हुई, जिससे तय लग रहा था कि इसका संगीत या तो ओपी नय्यर देंगे या फिर शंकर-जयकिशन. मगर विजय आनंद आरडी बर्मन को लेना चाहते थे. शम्मी कपूर फिल्म में आरडी बर्मन को इसलिए नहीं चाहते थे, क्योंकि उनके करियर की तब शुरुआत ही हुई थी. वे नए संगीतकार को लेकर कोई रिस्क नहीं लेना चाहते थे.
मगर विजय आनंद को आरडी बर्मन के टैलेंट पर पूरा भरोसा था, क्योंकि उनके बैनर ‘नवकेतन’ के लिए एसडी बर्मन संगीत देते थे. चूंकि आरडी बर्मन अपने पिता के असिस्टेंट थे, इसलिए विजय आनंद उनकी क्षमता से वाकिफ थे. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, विजय आनंद ने कभी-न-कभी एसडी बर्मन से वादा किया था कि वे उनके बेटे को किसी अच्छी फिल्म में बड़ा मौका देंगे.
विजय आनंद-शम्मी कपूर की सोच में फर्क साथ था. तय करना मुश्किल हो रहा था कि किसे संगीतकार के तौर पर लिया जाए. किसी तरह आरडी बर्मन को फिल्म में मौका मिला. मगर तब शंकर-जयकिशन का एक गाना आरडी बर्मन के लिए चुनौती बन गया. दरअसल, फिल्म के प्रोड्यूसर नासिर हुसैन ने आरडी बर्मन को एक चैलेंज दे डाला.
नासिर हुसैन ने आरडी बर्मन को दिया चैलेंज
1965 की फिल्म ‘गुमनाम’ के गाने छाए हुए थे. उसका एक गाना ‘जान-पहचान हो जीना आसान हो’ बड़ा पॉपुलर था, जिसे शंकर-जयकिशन ने बनाया था. नासिर हुसैन ने उस गाने का जिक्र करते हुए आरडी बर्मन से कहा कि उन्हें भी अपनी फिल्म में ऐसा रॉक एंड रोल टाइप का गाना चाहिए. आरडी बर्मन ने भी चुनौती को स्वीकार कर लिया और ऐसा गीत बनाया, जिसे उन्होंने मोहम्मद रफी से गवाया.
आरडी बर्मन को मिली बड़ी कामयाबी
आरडी बर्मन का वो गाना है- ‘आजा आजा मैं हूं प्यार तेरा’. अगर आप आरडी बर्मन के गाने ‘आजा आजा मैं हूं प्यार तेरा’ के मुखड़े को सुनेंगे, तो पाएंगे कि यह शंकर-जयकिशन के गाने ‘जान पहचान हो जीना आसान हो’ के संगीत से लगभग मेल खाता है. यानी आरडी बर्मन के गाने में शंकर-जयकिशन के गाने का साफ असर है. दोनों के ऑर्केस्ट्रा का अरेंजमेंट लगभग एक-जैसा है. कमाल की बात यह है कि दोनों गानों को मोहम्मद रफी ने गाया था. फिल्म ‘तीसरी मंजिल’ के सभी गाने सुपरहिट हुए थे. इससे आरडी बर्मन को बड़ी कामयाबी मिली थी.
About the Author

अभिषेक नागर \’न्यूज18 डिजिटल\’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर \’न्यूज18 डिजिटल\’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और…
और पढ़ें
![]()










