मीरजापुर/एबीएन न्यूज। पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार और प्रकृति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। काशी हिंदू विश्वविद्यालय और जिला प्रशासन की संयुक्त पहल में परिसर के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 8,000 पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार तथा अपर जिलाधिकारी वि./रा. विनोद कुमार सिंह ने पौधरोपण कर किया। कार्यक्रम का आयोजन राजीव गांधी दक्षिणी परिसर के प्रभारी प्रोफेसर डॉ. बी.एम.एन. कुमार एवं पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता डॉ. अमित राज गुप्ता के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान संकाय तथा जिला प्रशासन के सहयोग से किया गया।
इस अवसर पर जिला खनन अधिकारी अभिषेक राय, उप प्रभागीय वनाधिकारी शेख मुअज्जम समेत जिला प्रशासन और वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से पौधों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की गई। परिसर को हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए विभिन्न प्रजातियों के पौधे उपयुक्त स्थानों पर रोपे गए।
कार्यक्रम के सफल संचालन में एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सौरभ करुणामय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विश्वविद्यालय के शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवक और विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ पौधरोपण में भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
वृहद पौधरोपण से परिसर में जैव विविधता संरक्षण, कार्बन उत्सर्जन में कमी, मृदा एवं जल संरक्षण तथा स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। आयोजन ने बीएचयू और जिला प्रशासन के बीच समन्वय एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति साझा प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।
![]()












