सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद में संचालित विकास योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूरा कराने को लेकर शनिवार को विकास भवन में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति ‘दृष्टि’ की बैठक हुई। समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि समेत विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
राज्य मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों की सार्थकता तभी है, जब वे निर्धारित समय में पूरे हों और उनकी गुणवत्ता लंबे समय तक जनता के उपयोग के अनुरूप बनी रहे। निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने तथा अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैठकों में दिए गए निर्देशों का असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए और अगली बैठक में उनकी प्रगति की पुनः समीक्षा की जाएगी।

मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा के दौरान उन्होंने पात्र परिवारों का पारदर्शी एवं नियमानुसार चयन कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र परिवार आवास की सुविधा से वंचित न रहे।
संपर्क मार्गों एवं विद्युतीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए राज्य मंत्री ने तकनीकी जांच कराने और निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही विकास एवं निर्माण कार्य शुरू होने से पहले शिलान्यास तथा पूर्ण कार्यों का लोकार्पण संबंधित जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराने को कहा।

औषधि विभाग की समीक्षा के दौरान राज्य मंत्री ने मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना वैध पंजीकरण अथवा निर्धारित नियमों के नारकोटिक एवं नियंत्रित श्रेणी की दवाओं की बिक्री किसी भी स्थिति में न हो। निरीक्षण के दौरान दवाओं के क्रय-विक्रय से जुड़े अभिलेखों और निर्धारित मानकों की जांच करने तथा अनियमितता मिलने पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में विधायक राबर्ट्सगंज एवं घोरावल के प्रतिनिधिगण, प्रमुखगण, खंड विकास अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि, परियोजना निदेशक, उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला विकास अधिकारी, विभिन्न वर्गों के नामित प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()











