सोनभद्र/एबीएन न्यूज। सोशल मीडिया पर 27 अगस्त को प्रसारित एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सोनभद्र ने प्राथमिक विद्यालय पूरनाकलां, विकासखंड घोरावल की प्रधानाध्यापिका माण्डवी कुमारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वीडियो में विद्यालय की टूटी बाउंड्री के निर्माण कार्य के लिए अध्ययनरत बच्चों से ईंट ढुलवाए जाने का मामला सामने आया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के अनुसार, विद्यालय में बाउंड्री निर्माण के लिए राजगीर मिस्त्री एवं श्रमिक लगाए गए हैं, इसके बावजूद बच्चों से ईंट ढुलाई का कार्य कराया जाना विभागीय निर्देशों के विपरीत है। नोटिस में कहा गया है कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से श्रम कराया जाना प्रतिबंधित है और इस प्रकार की गतिविधि बाल श्रम की श्रेणी में आती है।
बच्चों से निर्माण कार्य कराया जाना शासन की मंशा के विपरीत एवं विभागीय आदेशों का उल्लंघन बताते हुए प्रधानाध्यापिका से मामले में तीन दिवस के भीतर युक्तिसंगत स्पष्टीकरण मांगा गया है। निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने अथवा स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
![]()
















