सोनभद्र/एबीएन न्यूज। थाना शक्तिनगर पुलिस ने संदिग्ध सड़क दुर्घटना के रूप में सामने आई एनसीएल कर्मी की हत्या का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए पत्नी और उसके प्रेमी समेत चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद शव को सड़क किनारे ले जाकर वाहन से चोट पहुंचाते हुए घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया था।
पुलिस के मुताबिक 23 अगस्त को बीना स्टेडियम/जमशीला के पास एनसीएल बीना परियोजना में सीनियर ओवरमैन के पद पर कार्यरत रमाशंकर मिश्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिला था। प्रारंभ में मामला सड़क हादसा प्रतीत हुआ, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने गहन जांच शुरू की। मामले में धारा 103(2)/238 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल, कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण किया। विवेचना में सामने आया कि मृतक की पत्नी प्रियंका मिश्रा का विकास चौहान के साथ प्रेम-प्रसंग था। पुलिस के अनुसार 22 अगस्त को रमाशंकर ने दोनों को घर पर देख लिया, जिसके बाद विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान प्रियंका और विकास ने गला दबाने तथा पत्थर के फर्श पर सिर पटकने से रमाशंकर की हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद घटना छिपाने के उद्देश्य से विकास चौहान ने अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता के सहयोग से शव को चादर और गमछे में लपेटकर सड़क किनारे पहुंचाया। इसके बाद वाहन से चोट पहुंचाकर मामले को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने मामले में विकास चौहान (25), प्रियंका मिश्रा (35), अनुराग सिंह उर्फ बादल (18) और सोनू गुप्ता को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में उप निरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव, कांस्टेबल सत्यम सरोज, अरुण कुमार, अमन सिंह एवं अमृत लाल की टीम ने की।
पुलिस का कहना है कि त्वरित कार्रवाई से घटना का खुलासा होने से क्षेत्र में आमजन एवं एनसीएल कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास मजबूत हुआ है।
![]()
















