अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। अवधूत भगवान राम स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अनपरा में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बालक एवं बालिका वर्ग में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली के लिए जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय विक्रम सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है। खेल न केवल स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल से दूरी बनाकर नियमित रूप से खेलकूद गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता के बालक वर्ग में बीसीए प्रथम वर्ष के आदित्य मौर्य ने प्रथम, बीए प्रथम वर्ष के नीरज विश्वकर्मा ने द्वितीय तथा बीकॉम प्रथम वर्ष के नाजिम अंसारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में बीए प्रथम वर्ष की चंदा प्रथम, बीए द्वितीय वर्ष की नरगिस द्वितीय तथा बीएससी द्वितीय वर्ष की प्राची यादव तृतीय स्थान पर रहीं।

निर्णायक की भूमिका डॉ. नीरज गुप्ता एवं डॉ. सुनीता सिंह ने निभाई, जबकि स्कोरर की जिम्मेदारी डॉ. आशीष उपाध्याय ने संभाली। आयोजन खेल प्रभारी डॉ. आलोक कुमार श्रीवास्तव की देखरेख में संपन्न हुआ। अंत में वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. अजय कुमार सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. जयशंकर पांडेय, डॉ. अनिल कुमार पांडेय, डॉ. वंदना यादव, डॉ. सत्यनारायण प्रसाद, सुश्री तनुश्री सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
![]()











