Last Updated:
फिल्म इंडस्ट्री में सफलता, शोहरत और स्टारडम पाना हर किसी का सपना होता है. हालांकि, बॉलीवुड में कुछ सितारे ऐसे भी रहे, जिन्होंने करियर के ढलान पर नहीं, बल्कि सफलता की ऊंचाइयों पर पहुंचकर एक्टिंग की दुनिया को अचानक अलविदा कह दियाच भाग्यश्री, मीनाक्षी शेषाद्रि, ट्विंकल खन्ना और जायरा वसीम जैसे कई नाम इस लिस्ट में शामिल हैं. आइए जानते हैं कि अपने दौर के ये चमकते सितारे आज कहां हैं और कैसी जिंदगी जी रहे हैं.
नई दिल्ली. बॉलीवुड की रंगीन दुनिया में ना करियर बनाना आसान है और ना तो टिके रहना. कई ऐसी एक्ट्रेस हैं, जो अपनी पहली या फिर शुरुआती फिल्मों से ही रातों-रात स्टार बन गईं. मगर दौलत-शोहरत और चमकदार करियर सामने होने के बावजूद इनमें से कई एक्ट्रेस ने अचानक इंडस्ट्री को अलविदा कहकर चौंका दिया. किसी ने परिवार, किसी ने शादी के लिए एक्टिंग छोड़ी तो किसी ने अपने धर्म का हवाला दिया. आज हम आपको हिंदी सिनेमा की उन 7 चुनिंदा एक्ट्रेस के बारे में बताते हैं, जिन्होंने अपने करियर के पीक पर बॉलीवुड से दूरी बनाई.
90 के दशक में ममता कुलकर्णी बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय और चर्चित एक्ट्रेसेस में से एक थीं. उन्होंने ‘करण अर्जुन’, ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी’ और ‘क्रांतिवीर’ जैसी कई बड़ी सुपरहिट फिल्मों में काम किया. जब उनका फिल्मी करियर पीक पर था, तभी वह धीरे-धीरे सिनेमा से गायब होने लगीं. आखिरकार उन्होंने लाइमलाइट और चकाचौंध से दूर गुमनामी की जिंदगी जीने का फैसला कर लिया. (फोटो साभार: IMDb)
सलमान खान के साथ फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ से डेब्यू करते ही भाग्यश्री रातों-रात स्टार बन गई थीं. इस फिल्म की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद हर तरफ उन्हीं के चर्चे थे. हालांकि, इस शानदार शुरुआत के बावजूद उन्होंने शादी के बाद अभिनय की दुनिया से दूरी बना ली. हालांकि, बाद में वह सिर्फ कुछ चुनिंदा फिल्मों और टीवी शोज में ही छोटे-मोटे रोल्स में नजर आईं. (फोटो साभार: IMDb)
Add News18 as
Preferred Source on Google
नम्रता शिरोडकर ने 90 के दशक और 2000 के शुरुआती सालों में ‘जब प्यार किसी से होता है’ और ‘वास्तव’ जैसी कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया. उनका फिल्मी करियर काफी सफल रहा, लेकिन साउथ सिनेमा के सुपरस्टार महेश बाबू से शादी करने के बाद उन्होंने एक्टिंग से पूरी तरह दूरी बना ली. इसके बाद उन्होंने अपना पूरा ध्यान अपने परिवार और निजी जिंदगी पर केंद्रित कर लिया. (फोटो साभार: IMDb)
साल 1985 में आई फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ से मंदाकिनी को जबरदस्त लोकप्रियता हासिल हुई. इस फिल्म के बाद वह अपने दौर की सबसे चर्चित और लोकप्रिय हीरोइनों में शामिल हो गईं. मगर कुछ सालों तक बड़े पर्दे पर राज करने के बाद उन्होंने धीरे-धीरे कम फिल्में करना शुरू कर दिया और आखिरकार बॉलीवुड की दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया. (फोटो साभार: IMDb)
जायरा वसीम ने बेहद कम उम्र में ‘दंगल’ और ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से अपनी खास पहचान बनाई. उनका करियर बेहद शानदार मोड़ पर था, लेकिन साल 2019 में उन्होंने इस्लाम के नाम पर अचानक बॉलीवुड छोड़ने का ऐलान कर सबको चौंका दिया. इसके बाद उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शादी की खबर शेयर कर फैंस को हैरान किया, जहां उन्होंने अपने पति का चेहरा और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी. (फोटो साभार: IMDb)
80 और 90 के दशक की टॉप हीरोइनों में शुमार मीनाक्षी शेषाद्रि ने ‘हीरो’, ‘दामिनी’, ‘घायल’ और ‘घातक’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया. अपनी बेहतरीन एक्टिंग और डांस से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली मीनाक्षी ने शादी के बाद बॉलीवुड को पूरी तरह अलविदा कह दिया और अमेरिका जाकर अपनी नई जिंदगी बसा ली. (फोटो साभार: IMDb)
ट्विंकल खन्ना ने 1995 में फिल्म ‘बरसात’ से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था. इसके बाद वह ‘जब प्यार किसी से होता है’, ‘इंटरनेशनल खिलाड़ी’ और ‘बादशाह’ जैसी कई चर्चित फिल्मों में नजर आईं. साल 2001 में फिल्म ‘लव के लिए कुछ भी करेगा’ के बाद उन्होंने एक्टिंग छोड़ दी. अब वह एक बेहद सफल लेखिका और इंटीरियर डिजाइनर के रूप में पहचान बना चुकी हैं. (फोटो साभार: IMDb)










