NEET PG Exam 2026: राजस्थान में नीट पीजी परीक्षा के दौरान जयपुर के सीतापुरा स्थित परीक्षा केंद्र पर बिजली की खराबी के कारण परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो सकी। परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होनी थी। मामले पर एनबीईएमएस ने जवाब देते हुए बताया कि प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे पुनर्परीक्षा आयोजित की जाएगी।
कब होगी प्रभावित अभ्यर्थियों की पुनर्परीक्षा?
परीक्षा में शामिल नहीं हो पाने वाले अभ्यर्थियों की परेशानी के लिए NBEMS ने खेद जताया है। बोर्ड के अनुसार, इन अभ्यर्थियों की पुनर्परीक्षा 5 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे जयपुर में होगी। परीक्षा केंद्र और संशोधित एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी अलग से जारी की जाएगी।
परीक्षा के बीच बार-बार आया सर्वर में व्यवधान
जयपुर के सीतापुरा स्थित डिजिटल जोन सेंटर पर NEET PG परीक्षा आयोजित की जा रही थी। परीक्षा शुरू होने के बाद सर्वर में बार-बार तकनीकी खराबी आने लगी। करीब एक घंटे में सर्वर तीन बार प्रभावित हुआ। इससे अभ्यर्थियों को पेपर पूरा होने को लेकर चिंता होने लगी।
सर्वर में लगातार समस्या आने के बाद कुछ अभ्यर्थी परीक्षा हॉल से बाहर निकल आए और विरोध जताया। उनका कहना था कि इतनी महत्वपूर्ण परीक्षा के दौरान तकनीकी व्यवस्था ठीक होनी चाहिए। बार-बार सर्वर रुकने से उन्हें परेशानी और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा। इस दौरान परीक्षा केंद्र पर कुछ देर हंगामे की स्थिति भी बनी।











