गोरखपुर/एबीएन न्यूज। नेपालगंज रोड-नानपारा-बहराइच रेलखंड पर ट्रेन सेवाओं की शुरुआत 31 अगस्त 2026 को होगी। नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस रेलखंड एवं ट्रेन सेवा का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान 05064 नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी विशेष गाड़ी को रवाना किया जाएगा।
नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में बहराइच सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड, डुमरियागंज सांसद जगदम्बिका पाल समेत अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ रेल अधिकारी और क्षेत्रीय जनता मौजूद रहेगी।
रेल सेवा शुरू होने से नेपालगंज रोड क्षेत्र की जनता को बहराइच के रास्ते गोंडा, गोरखपुर और वाराणसी तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे नेपाल से आने-जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा प्राप्त होगी।
रेलखंड पर ट्रेन सेवाओं की शुरुआत से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। इससे आकांक्षी जनपद बहराइच के विकास को नया आयाम मिलने की संभावना है।
![]()











