लखनऊ/एबीएन न्यूज। रक्षाबंधन पर्व के बाद यात्रियों की बढ़ती अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ-वाराणसी के बीच अनारक्षित विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 04202 लखनऊ-वाराणसी अनारक्षित विशेष ट्रेन 30 अगस्त 2026, रविवार को लखनऊ से शाम 7 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन बाराबंकी, अयोध्या कैंट, शाहगंज और जौनपुर के रास्ते वाराणसी पहुंचेगी।
विशेष ट्रेन में कुल 11 कोच लगाए जाएंगे। इनमें पांच स्लीपर, चार सामान्य तथा दो एसएलआर कोच शामिल हैं। अतिरिक्त ट्रेन के संचालन से रक्षाबंधन के बाद अपने गंतव्य की ओर लौट रहे यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा के दौरान रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। यात्रा से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए यात्री एनटीईएस अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग कर सकते हैं।
![]()












