सोनभद्र/एबीएन न्यूज। सोशल मीडिया पर 27 अगस्त 2026 को प्रसारित वीडियो के संज्ञान में आने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सोनभद्र ने प्राथमिक विद्यालय पुरनाकलां, विकासखंड घोरावल की प्रधानाध्यापिका श्रीमती माण्डवी कुमारी के विरुद्ध कार्रवाई की है। वीडियो में विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों से टूटी चहारदीवारी के निर्माण के लिए ईंट ढुलवाए जाने का मामला सामने आया था।
प्रकरण में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापिका को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। प्रधानाध्यापिका ने अपने स्पष्टीकरण में बताया कि विद्यालय की करीब 10 फीट चहारदीवारी अराजक तत्वों द्वारा तोड़ दी गई थी। इसकी मरम्मत के लिए दो मजदूर और एक राजगीर मिस्त्री लगाए गए थे। विद्यालय के अतिरिक्त कक्षा-कक्ष में रखी ईंटों को मजदूर बाहर निकाल रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे स्वयं ईंट ढोने लगे, जिन्हें देखकर प्रधानाध्यापिका ने तत्काल कक्षा-कक्ष में बुला लिया।
स्पष्टीकरण के परीक्षण के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने पाया कि शिक्षण कार्य के दौरान बच्चों का कक्षा-कक्ष से बाहर होना और उन पर प्रभावी नियंत्रण न रहना प्रधानाध्यापिका के कार्य एवं दायित्व के प्रति शिथिलता को दर्शाता है।
इसके आधार पर श्रीमती माण्डवी कुमारी की एक वार्षिक वेतनवृद्धि तत्काल प्रभाव से अवरुद्ध कर दी गई है। साथ ही विद्यालय अवधि में बच्चों पर पूर्ण नियंत्रण रखने और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न होने देने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा सामने आने पर प्रधानाध्यापिका के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रधानाध्यापिका की होगी।
![]()












