सिंगरौली/ एबीएन न्यूज। कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर झिंगुरदा परियोजना में अंतरक्षेत्रीय क्रॉस कंट्री रेस 2026-27 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों से महिला और पुरुष प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
क्रॉस कंट्री रेस में पुरुष प्रतिभागियों ने 8 किलोमीटर तथा महिला प्रतिभागियों ने 2.5 किलोमीटर की दूरी तय की। व्यक्तिगत प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में जयंत क्षेत्र के श्री जगत कुमार वैश्य ने प्रथम, श्री सतीश कुमार ने द्वितीय तथा अमलोरी के श्री यू.पी. सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
महिला वर्ग में एनएससी की मीना कुमारी ने प्रथम, हेमलता कुमारी ने द्वितीय तथा सीता साहू ने तृतीय स्थान हासिल किया। ग्रुप चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में जयंत क्षेत्र प्रथम और निगाही क्षेत्र द्वितीय रहा। वहीं महिला वर्ग में नेहरू शताब्दी चिकित्सालय ने प्रथम तथा बीना क्षेत्र ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री राजेश त्रिवेदी, क्षेत्रीय महाप्रबंधक (झिंगुरदा) श्री असीम कुमार बाग, कंपनी जेसीसी सदस्य-सीएमएस से श्री अजय कुमार, बीएमएस से श्री अशोक मिश्रा, आरसीएसएस से श्री लाल पुष्पराज सिंह, एचएमएस से श्री अशोक पांडे, सीएमओएआई प्रतिनिधि श्री सर्वेश कुमार सिंह, एनसीएल स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्य, झिंगुरदा परियोजना के विभागाध्यक्ष, श्रमिक संघ प्रतिनिधि तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
एनसीएल द्वारा कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, खेल भावना और टीम भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहा है।
![]()












