लखनऊ/ एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल द्वारा ऐतिहासिक एवं प्रतिष्ठित चारबाग रेलवे स्टेशन के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘स्टेशन महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। शताब्दी वर्ष पूरा करने वाले चारबाग रेलवे स्टेशन ने भारतीय रेल की समृद्ध विरासत, विशिष्ट स्थापत्य कला और राष्ट्र की सेवा में अपने योगदान की गौरवपूर्ण यात्रा को रेखांकित किया।
रेलवे बोर्ड द्वारा भारतीय रेल के चयनित विरासत स्टेशनों पर उनकी स्थापना अथवा संचालन प्रारंभ होने की तिथि के अनुरूप ‘स्टेशन महोत्सव- बर्थडे सेलिब्रेशन ऑफ स्टेशंस’ आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत विभिन्न रेलवे जोनों एवं राज्यों में 103 विरासत स्टेशनों को चिन्हित किया गया है, जहां स्थानीय इतिहास, संस्कृति एवं जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में रेल अधिकारी, कर्मचारी एवं यात्रीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान चारबाग रेलवे स्टेशन की वर्ष 1926 से अब तक की ऐतिहासिक यात्रा, विशिष्ट स्थापत्य विरासत एवं भारतीय रेल में इसके महत्व को दर्शाने वाली लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।

इस अवसर पर उत्कृष्ट एवं समर्पित कार्य करने वाले रेल कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। रेलवे स्काउट्स एवं गाइड्स ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को विरासत संरक्षण, स्वच्छता एवं यात्री सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

समारोह के दौरान मंडल रेल प्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद ‘जन गण मन’ की प्रस्तुति से कार्यक्रम में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना और प्रबल हुई। स्टेशन परिसर में रैली का आयोजन भी किया गया। गांधी पार्क में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया गया। साथ ही शताब्दी समारोह के अवसर पर गांधी पार्क में हीलियम गुब्बारा स्थापित किया गया।

यात्रियों एवं आमजन को चारबाग स्टेशन की ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से प्लेटफॉर्म संख्या एक पर ऐतिहासिक छायाचित्रों एवं विरासत उपकरणों की विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में स्टेशन के विभिन्न ऐतिहासिक पड़ावों के साथ भारतीय रेल की गौरवशाली यात्रा को प्रदर्शित किया गया।

समारोह के लिए चारबाग रेलवे स्टेशन के प्रथम पोर्टिको एवं अन्य प्रमुख क्षेत्रों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। ऐतिहासिक भवन की स्थापत्य विशेषताओं के अनुरूप फसाड लाइटिंग, फेयरी लाइट्स, गांधी पार्क का सौंदर्यीकरण तथा वहां स्थापित विंटेज/स्टीम इंजन की विशेष लाइटिंग की गई। इससे स्टेशन का ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप और अधिक आकर्षक नजर आया।

चारबाग रेलवे स्टेशन की 100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा केवल एक रेलवे स्टेशन की कहानी नहीं, बल्कि लखनऊ की ऐतिहासिक पहचान और भारतीय रेल की समृद्ध विरासत का अभिन्न अध्याय है। शताब्दी समारोह के माध्यम से इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण तथा नई पीढ़ी को इसके गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का संदेश दिया गया।
![]()











