लखनऊ/ एबीएन न्यूज। यात्रियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के स्वास्थ्य विभाग द्वारा खान-पान स्टॉलों की नियमित जांच की जा रही है। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा के मार्गदर्शन तथा मंडल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चारु चंद सक्सेना एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (स्वास्थ्य) डॉ. पंकज गोयल के निर्देशन में चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, अमेठी, उन्नाव एवं जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशनों पर स्थित खान-पान स्टॉलों का देर शाम तक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य लाइसेंस, मेडिकल प्रमाण-पत्र, स्टॉल की साफ-सफाई एवं स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी तिथि तथा उनके उचित भंडारण की जांच की गई।

मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ के प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित आर.के. फूड प्रोडक्ट्स एंड फास्ट फूड यूनिट, अमेठी के प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित रिफ्रेशमेंट रूम तथा जौनपुर सिटी एवं उन्नाव रेलवे स्टेशनों के प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित फूड स्टॉल का निरीक्षण किया गया।

अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित रिफ्रेशमेंट रूम का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी निर्धारित जांच बिंदु संतोषजनक पाए गए।
लखनऊ मंडल द्वारा यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खान-पान उपलब्ध कराने के लिए खाद्य इकाइयों की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण की प्रक्रिया लगातार जारी रखने पर जोर दिया जा रहा है।
![]()












