Last Updated:
‘आशिकी’ फेम एक्टर राहुल रॉय ने ब्रेन स्ट्रोक के बाद की अपनी जिंदगी और सेहत से जुड़े कई बड़े खुलासे किए हैं. उन्होंने उस मुश्किल दौर को याद करते हुए बताया कि एक वक्त ऐसा भी था, जब उन्हें लगने लगा था कि वह शायद कभी दोबारा चल या बोल भी नहीं पाएंगे. हालांकि, अब उनकी स्थिति में काफी सुधार है. राहुल ने बताया कि खुद को फिट रखने के लिए उन्होंने अपनी लाइफस्टाइल में पूरी तरह से बदलाव कर लिया है. अब वह पूरी तरह से वीगन बन चुके हैं.
ब्रेन स्ट्रोक के बाद नॉन-वेजिटेरियन से वीगन बने राहुल रॉय. (फोटो साभार: Instagram@officialrahulroy)
नई दिल्ली. राहुल रॉय बॉलीवुड इंडस्ट्री के पॉपुलर सितारों में से एक हैं. साल 2020 में वह ब्रेन स्ट्रोक का शिकार हो गए थे. अब उन्होंने अपने जीवन के उस मुश्किल दौर को याद किया. उन्होंने बताया कि बीमारी के शुरुआती दिनों में उनका भविष्य काफी अनिश्चित नजर आ रहा था, लेकिन अब हालात काफी बेहतर हैं और वह धीरे-धीरे फिर से काम पर लौट आए हैं. राहुल रॉय ने यह भी बताया कि ब्रेन स्ट्रोक के बाद उनकी लाइफस्टाइल भी काफी बदल गई है.
रोल मिलने पर क्यों संकोच कर रहे थे राहुल रॉय?
राहुल रॉय ने कहा, ‘जब करणवीर और माधवी इस रोल के लिए मुझसे मिले, तो मैं काफी एक्साइटेड था. बस मुझे अपनी बोलने की समस्या को लेकर थोड़ा संकोच हो रहा था, जो 2020 में कारगिल में शूटिंग के दौरान आए ब्रेन स्ट्रोक की वजह से हुई थी. लेकिन इस पूरे सफर में करणवीर ने मेरा बहुत साथ दिया.’
नॉन-वेजिटेरियन से वीगन बने राहुल रॉय
अपनी सेहत और लाइफस्टाइल में आए बदलावों पर बात करते हुए राहुल ने बताया कि अब वह अपनी दिनचर्या का खास ख्याल रखते हैं. वह रोजाना आठ दवाइयां लेते हैं और अपनी सेहत को दुरुस्त रखने के लिए अब पूरी तरह से वीगन बन चुके हैं. राहुल रॉय ने अपनी आपबीती शेयर करते हुए कहा, ‘ब्रेन स्ट्रोक के बाद तो मुझे यह भी नहीं पता था कि मैं कभी दोबारा चल या बोल पाऊंगा भी या नहीं. मैं पहले बहुत ज्यादा स्मोकिंग करता था और नॉन-वेजिटेरियन था. लेकिन अब मैं पूरी तरह वीगन बन चुका हूं. मैंने प्याज, लहसुन और दूध तक छोड़ दिया है और एक तरह से जैन खाना खा रहा हूं. रोज नाश्ते के बाद मुझे 8 दवाइयां लेनी पड़ती हैं, लेकिन हां, अब मेरी हालत पहले से काफी बेहतर है.’
2020 में राहुल रॉय को शूटिंग के दौरान आया था ब्रेन स्ट्रोक
साल 2020 में फिल्म ‘एलएसी- लाइव द बैटल’ की कारगिल में शूटिंग के दौरान राहुल रॉय को अचानक ब्रेन स्ट्रोक आ गया था. हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनके दिमाग और दिल की एंजियोग्राफी की गई थी. अब राहुल रॉय का कहना है कि उनकी तबीयत में बहुत सुधार है और पहले से खुद को बेहतर महसूर कर रहे हैं.
राहुल रॉय का वर्कफ्रंट
राहुल रॉय को 1990 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘आशिकी’ से रातों-रात जबरदस्त पहचान मिली थी, महेश भट्ट के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राहुल और अनु अग्रवाल की लव स्टोरी को दर्शकों ने खूब प्यार दिया था. राहुल रॉय को आखिरी बार कानू बहल के निर्देशन में बनी फिल्म ‘आगरा’ में देखा गया था. इस साइकोलॉजिकल ड्रामा फिल्म में उनके साथ मोहित अग्रवाल और प्रियंका बोस नजर आए थे.
About the Author

कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
और पढ़ें
![]()










