Last Updated:
निर्देशक प्रियदर्शन अपनी नई थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ लेकर आ रहे हैं. इसमें अक्षय कुमार और सैफ अली खान लीड रोल में नजर आएंगे. अब डायरेक्टर ने खुलासा किया कि सालों पहले वह सैफ अली खान को अपनी फिल्म ‘गरम मसाला’ की कहानी सुनाने गए थे. हालांकि, सैफ यह फिल्म नहीं कर सके. प्रियदर्शन ने यह भी खुलासा किया कि क्रिकेट प्रेमी होने के नाते पहली मुलाकात में उन्होंने सैफ से उनके पिता से मिलने की इच्छा जाहिर की थी.
प्रियदर्शन ने सैफ अली खान को सुनाई थी ‘गरम मसाला’ फिल्म की स्टोरी.
नई दिल्ली. अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी 18 साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर ‘हैवान’ के जरिए वापसी कर रही है. इससे पहले यह जोड़ी ‘ये दिल्लगी’, ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’, ‘तू चोर मैं सिपाही’, ‘कीमत’ और ‘आरजू’ और टशन जैसी फिल्मों में एक साथ नजर आ चुकी है. वैसे तो अक्षय और प्रियदर्शन की जोड़ी ने मिलकर कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं, लेकिन प्रियदर्शन के निर्देशन में सैफ पहली बार काम कर रहे हैं. इस बीच प्रियदर्शन ने बताया कि उन्होंने अक्षय कुमार से पहले सैफ अली खान को गरम मसाला की कहानी सुनाई थी. लेकिन एक वजह से वह फिल्म का हिस्सा नहीं बन सकें.
‘गरम मसाला’ का हिस्सा क्यों नहीं बने सैफ अली खान?
प्रियदर्शन ने बताया, ‘वह यह फिल्म नहीं कर सके क्योंकि नीरज वोरा स्क्रिप्ट की राइटिंग का काम समय पर पूरा नहीं कर पाए थे. सैफ ने तीन दिनों तक इंतजार किया, लेकिन नीरज पूरी स्क्रिप्ट तैयार नहीं कर सके. मजबूरी में सैफ को अपनी डेट्स किसी और प्रोजेक्ट को देनी पड़ीं. उस पहली मुलाकात का एक मजेदार किस्सा याद करते हुए प्रियदर्शन ने कहा, ‘जब मैं उनसे पहली बार मिला, तो मेरे मुंह से सबसे पहले निकला कि क्या आपके पिताजी यहां हैं? मैं उनसे मिलना चाहता हूं.’
मंसूर अली खान पटौदी के फैन रहे हैं प्रियदर्शन
प्रियदर्शन खुद भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मंसूर अली खान पटौदी (टाइगर पटौदी) के बहुत बड़े फैन रहे हैं. अपने दौर के महान क्रिकेटर से मिलने की पुरानी कोशिशों को याद करते हुए प्रियदर्शन कहते हैं, ‘मुझे आज भी याद है जब मैंने उन्हें यूनिवर्सिटी स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी खेलते देखा था. कम ही लोग जानते हैं कि निर्देशन में आने से पहले प्रियदर्शन खुद भी एक प्रोफेशनल क्रिकेटर थे, लेकिन आंखों में लगी एक गंभीर चोट की वजह से उन्हें खेल छोड़ना पड़ा. ऐसे में फिल्म ‘हैवान’ के सेट पर सैफ अली खान के पिता को लेकर बातें होना तो लाजमी था. प्रियदर्शन बताते हैं, ‘सेट पर मैंने सैफ से उनके पिता टाइगर पटौदी के बारे में काफी बातें कीं. मुझे तो उनके हर मैच का स्कोर तक याद था. सैफ ने मुझे उनके ऊपर लिखी एक किताब भी साइन करके दी, जिसे मैंने संभाल कर रखा है.’
इस दिन रिलीज होगी प्रियदर्शन की फिल्म ‘हैवान’
बताते चलें कि ‘हैवान’ सैफ अली खान हीरो का रोल निभा रहे हैं, जबकि अक्षय कुमार विलेन बने हैं. अपने करियर में पहली बार सैफ एक ब्लाइंड रोल प्ले कर रहे हैं और फिल्म में उनके कुछ जबरदस्त एक्शन सीन भी हैं. यह एक क्राइम थ्रिलर फिल्म है जिसमें बोमन ईरानी, शारिब हाशमी, सैयामी खेर और श्रिया पिलगांवकर भी अहम भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म 11 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है.
About the Author

कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
और पढ़ें
![]()










