लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के 43 रेल कर्मचारी अपनी दीर्घ एवं समर्पित रेल सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर मंडल कार्यालय के सभागार में सेवानिवृत्ति समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती अरिमा भट्टनागर ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वागत के साथ किया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को उनकी दीर्घकालीन एवं निष्ठापूर्ण सेवाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय जीवन की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ श्री सुनील कुमार वर्मा ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके सेवाकाल में किए गए योगदान एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए बधाई दी। इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समापक भुगतान संबंधी प्रपत्र प्रदान किए गए। मंडल रेल प्रबंधक ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध भविष्य की कामना की।

इस दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने भी अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए और उत्तर रेलवे के साथ बिताए कार्यकाल को भावुकता के साथ स्मरण किया। समारोह में रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
![]()












