सोनभद्र/ एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ के निर्देशन में जनपद के परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की शैक्षिक प्रतिभा पहचानने और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा ‘मेधावी छात्र चयन परीक्षा-अगस्त 2026’ का आयोजन किया जा रहा है।
परीक्षा के माध्यम से कक्षा 3, 5, 6 एवं 8 के मेधावी छात्र-छात्राओं का चयन किया जा रहा है। वर्तमान में विद्यालय एवं संकुल स्तर पर परीक्षा और मूल्यांकन की प्रक्रिया संचालित है। विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम तीन स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

विभागीय कार्ययोजना के अनुसार विद्यालय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों के बाद संकुल स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा। संकुल स्तर पर चयनित विद्यार्थी आगामी ब्लॉक स्तरीय परीक्षा एवं प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद ब्लॉक स्तर पर चयनित छात्र-छात्राएं 9 सितम्बर 2026 को आयोजित जनपद स्तरीय मुख्य परीक्षा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

जिन विकास खण्डों में बड़े स्तर पर आयोजन में किसी प्रकार की कठिनाई आ रही है, वहां संबंधित खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा में संबंधित स्तर के शीर्ष अथवा प्रथम मेधावी छात्र को आमंत्रित किया जाए, जिससे चयन प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।

मेधावी छात्र चयन परीक्षा के अंतर्गत चयनित एवं सम्मानित छात्र-छात्राओं का विवरण ऑनलाइन अपलोड किया जा रहा है। नोडल संकुल शिक्षकों एवं संकुल शिक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों में सम्मानित किए जाने वाले मेधावी विद्यार्थियों का पूरा विवरण तथा कार्यक्रम की तस्वीरें निर्धारित लिंक अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से अनिवार्य रूप से अपलोड करें।
जिलाधिकारी के निर्देशन में संचालित यह पहल परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनकी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
![]()


















