सिंगरौली/ एबीएन न्यूज। कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) से अगस्त माह के अंत में 6 अधिकारी और 25 कर्मचारी सहित कुल 31 कर्मी सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर एनसीएल मुख्यालय में सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।
मुख्यालय से महाप्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) श्री ज्ञानेश्वर नाथ, महाप्रबंधक (उत्खनन) श्री शुभाशीष राय तथा सहायक पर्यवेक्षक, परिवहन (लाइट व्हीकल विभाग) श्री नागेश्वर रजक सहित अन्य कर्मी सेवानिवृत्त हुए।
अभिनंदन समारोह में एनसीएल के निदेशक (तकनीकी) श्री आशुतोष द्विवेदी, मुख्यालय के महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन उपस्थित रहे। निदेशक (तकनीकी) ने सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके सेवाकाल का योगदान कंपनी के लिए महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने सेवानिवृत्ति को कंपनी के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए सभी के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मियों ने भी अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने एनसीएल एवं कोल इंडिया परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कंपनी की निरंतर प्रगति एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों में भी सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के सम्मान में विदाई एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किए गए।
![]()















