लखनऊ/ एबीएन न्यूज। यात्री सुविधाओं के विकास और परिचालनिक सुगमता के मद्देनजर पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के गोरखपुर कैंट–उनौला रेलखंड पर नई विद्युतीकृत दोहरी लाइन की कमिशनिंग का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत 25 केवी एसी, सिंगल फेस ओएचई विद्युतीकृत नई लाइन का निरीक्षण एवं स्पीड ट्रायल किया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री संजय सिंघल द्वारा 2 सितंबर को नई विद्युतीकृत लाइन का निरीक्षण एवं स्पीड ट्रायल किया जाएगा। इसके बाद 3 सितंबर को पूर्वोत्तर परिमंडल के रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा नई रेलवे लाइन का संरक्षा निरीक्षण एवं स्पीड ट्रायल किया जाएगा।
रेल प्रशासन ने क्षेत्रीय जनता, विशेषकर गोरखपुर कैंट और उनौला स्टेशनों के बीच रहने वाले लोगों से अपील की है कि संरक्षा निरीक्षण एवं स्पीड ट्रायल के दौरान रेलवे लाइन के आसपास विशेष सतर्कता बरतें। साथ ही अपने मवेशियों को रेलवे लाइन के आसपास खुले में न छोड़ें, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को रोका जा सके।
गोरखपुर कैंट–उनौला रेलखंड पर नई दोहरी विद्युतीकृत लाइन के कमिशनिंग से रेल परिचालन को और अधिक सुगम बनाने के साथ यात्री सुविधाओं में भी सुधार होने की उम्मीद है।
![]()












