सोनभद्र/ एबीएन न्यूज। जनपद सोनभद्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नई मूल्यांकन सूची (सर्किल रेट) तैयार की जा रही है। इसके लिए उपजिलाधिकारियों एवं उपनिबंधकों द्वारा क्षेत्रवार संशोधन, परिवर्तन एवं विलोपन संबंधी प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। मूल्यांकन सूची तैयार करते समय खसरा संख्या आधारित अद्यतन आंकड़ों, भूमि की वास्तविक उपयोगिता, क्षेत्रीय परिस्थितियों तथा प्रचलित बाजार दरों को आधार बनाया गया है, जिससे संपत्तियों का मूल्यांकन अधिक यथार्थपरक एवं पारदर्शी हो सके।
पूर्व में प्रकाशित प्रस्तावित मूल्यांकन सूची पर प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों का परीक्षण करने के बाद आवश्यक संशोधन किए गए हैं। अब संशोधित मूल्यांकन सूची को 15 सितंबर 2026 से लागू किया जाना प्रस्तावित है।
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ के निर्देशानुसार 1 सितंबर से संशोधित मूल्यांकन सूची जनसामान्य के निरीक्षण के लिए संबंधित उपनिबंधक एवं तहसीलदार कार्यालयों में उपलब्ध करा दी गई है। जिलाधिकारी ने आमजन, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य संबंधित हितधारकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र की मूल्यांकन सूची का अवलोकन करें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी संपत्ति अथवा क्षेत्र के निर्धारित मूल्य के संबंध में कोई सुझाव या आपत्ति हो तो उसे 7 सितंबर 2026 तक संबंधित उपनिबंधक अथवा तहसीलदार कार्यालय में लिखित रूप में उपलब्ध कराया जा सकता है। प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। इसके बाद अंतिम मूल्यांकन सूची 15 सितंबर 2026 से प्रभावी की जाएगी।
![]()












