घोरावल/ एबीएन न्यूज। ग्राम बेलवनिया, तहसील घोरावल में पहाड़ी ढलान की ओर से बंधी में अतिरिक्त पानी आने के कारण मिट्टी की कच्ची बंधी टूट गई। इससे गांव की ओर पानी का बहाव शुरू हो गया और जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पानी बढ़ने के कारण 11 परिवारों के घरों में पानी प्रवेश कर गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ के निर्देश पर प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रशासनिक टीम ने प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की और पानी से प्रभावित सभी 11 परिवारों को सुरक्षित निकालकर नजदीकी पंचायत भवन में अस्थायी रूप से ठहराया। वहां उनके भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
प्रभावित परिवारों में बबूंदर पुत्र नन्हकू, बाबूलाल पुत्र नन्हकू, बंधु पुत्र वीरे, हुकुम अली पुत्र अली कासी, अबू हुसैन पुत्र हमीद, तौलन पुत्र सादिक, आजाद पुत्र शमीउल्लाह, छोटेलाल पुत्र मक्खन राम, भरत लाल पुत्र पतिराम, नखडू पुत्र राम जियावन एवं अमृत लाल पुत्र रामविलास के परिवार शामिल हैं।
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने निर्देश दिया है कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे। जल निकासी का कार्य तेजी से कराया जाए तथा प्रत्येक प्रभावित परिवार को नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। मौके पर उप जिलाधिकारी घोरावल एवं पुलिस टीम मौजूद रहकर राहत कार्यों और स्थिति की निगरानी कर रही है।

गांव में जमा पानी की निकासी का कार्य लगातार जारी है। स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकता के त्वरित समाधान के लिए मेडिकल टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है। प्रभावित परिवारों के लिए भोजन एवं आवश्यक राहत किट की व्यवस्था कर उनका वितरण कराया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों एवं राहत-बचाव टीमों को मौके पर सक्रिय रखा गया है। प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देते हुए राहत एवं बचाव कार्य निरंतर जारी है।
![]()
















