Last Updated:
Hanuman Ansh Day 26 Vs Toxic Day 7 Box Office Collection : ‘हनुमान अंश’ और ‘टॉक्सिक’ के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला है. रिलीज के चौथे हफ्ते में पहुंच चुकी ‘हनुमान अंश’ ने 26वें दिन अचानक रफ्तार पकड़ते हुए यश को फिर पछाड़ दिया है. कुल कमाई में ‘टॉक्सिक’ भले काफी आगे है, लेकिन डेली कलेक्शन में ‘हनुमान अंश’ का आगे निकलना खासा चौंकाने वाला है. क्या कहता है मंगलवार का बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट, चलिए बताते हैं…
नई दिल्ली. बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों दो बिल्कुल अलग फिल्मों की कमाई दिलचस्प तस्वीर पेश कर रही है. एक तरफ यश स्टारर ‘टॉक्सिक’ ने रिलीज के पहले ही दिन जबरदस्त शुरुआत करते हुए करोड़ों रुपये बटोर लिए. वहीं, दूसरी तरफ ‘हनुमान अंश’ शुरुआत में बेहद धीमी रही. लेकिन अब रिलीज के चौथे हफ्ते में इस भक्ति फिल्म ने अचानक ऐसी रफ्तार पकड़ी है कि डेली कलेक्शन के मामले में इसने यश की ‘टॉक्सिक’ को पीछे छोड़ दिया है.
बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने 26वें दिन 8.50 करोड़ रुपये नेट कमाए, जबकि ‘टॉक्सिक’ ने 7वें दिन 8.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है.
‘हनुमान अंश’ के लिए चौथा हफ्ता किसी चमत्कार से कम नहीं रहा. फिल्म ने 25वें दिन करीब 5.50 करोड़ रुपये कमाए थे, लेकिन 26वें दिन इसकी कमाई बढ़कर 8.50 करोड़ रुपये पहुंच गई. यानी एक दिन में करीब 54.55 फीसदी की बढ़त देखने को मिली.
Add News18 as
Preferred Source on Google
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म का भारत में 26 दिनों का नेट कलेक्शन 54.13 करोड़ रुपये हो चुका है. इसका इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 63.82 करोड़ रुपये है.
फिल्म की शुरुआत हालांकि बेहद धीमी थी. पहले हफ्ते में इसने सिर्फ 1.08 करोड़ रुपये कमाए, जबकि दूसरे हफ्ते का कलेक्शन करीब 40 लाख रुपये रहा. तीसरे हफ्ते में फिल्म ने वापसी की और10.40 करोड़ रुपये जुटाए. इसके बाद चौथे हफ्ते में कमाई ने रफ्तार पकड़ ली. 22वें से 26वें दिन के बीच ही फिल्म ने करीब 42.25 करोड़ रुपये जोड़ लिए.
वहीं, हाई फाई बजट में बनी यश की ‘टॉक्सिक’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था. फिल्म ने पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये नेट कमाए. इसके बाद दूसरे दिन 37.65 करोड़ रुपये, तीसरे दिन 27.20 करोड़ रुपये, चौथे दिन 25.15 करोड़ रुपये और पांचवें दिन 23 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. छठे दिन कमाई गिरकर 7.65 करोड़ रुपये पहुंची, लेकिन सातवें दिन फिल्म ने 7.2 फीसदी की बढ़त के साथ 8.20 करोड़ रुपये कमाए.
सात दिनों में ‘टॉक्सिक’ का भारत में नेट कलेक्शन 229.95 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 272.80 करोड़ रुपये हो गया है. वहीं, विदेशों से फिल्म ने करीब 40.75 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाए, जिससे इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस 313.55 करोड़ रुपये हो चुका है.
खास बात यह है कि ‘टॉक्सिक’ पांच भाषाओं में रिलीज हुई है और सातवें दिन हिंदी वर्जन ने सबसे ज्यादा कमाई की है. फिल्म के हिंदी वर्जन ने 5.60 करोड़ रुपये नेट कमाए, जबकि कन्नड़ वर्जन ने 1.75 करोड़ रुपये, तेलुगु ने 60 लाख रुपये, तमिल ने 20 लाख रुपये और मलयालम ने 5 लाख रुपये का कलेक्शन किया है.











