Last Updated:
Ranbir Kapoor-Katrina Kaif Love Story: बॉलीवुड में कुछ ऑन स्क्रीन जोड़ियां ऐसी रही हैं, जिनकी केमिस्ट्री ने फिल्मों से ज्यादा उनकी निजी जिंदगी को सुर्खियों में ला दिया. रणबीर कपूर और कटरीना कैफ भी ऐसी ही जोड़ियों में शामिल हैं. दोनों ने 2009 में आई फिल्म ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ में साथ काम किया था और फिल्म में उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया. अब इस फिल्म का हिस्सा रहे एक्टर दर्शन जरीवाला ने दोनों की उस दौर की केमिस्ट्री को लेकर दिलचस्प खुलासा किया है.
नई दिल्ली. एक फिल्म, 40 दिनों का शूट और दो ऐसे सितारे, जिनकी केमिस्ट्री ने बाद में खूब सुर्खियां बटोरीं. साल 2009 में रणबीर कपूर और कटरीना कैफ की ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ आज भी सिर्फ अपनी कहानी और कॉमेडी के लिए याद नहीं की जाती. फिल्म के साथ जुड़ा एक ऐसा किस्सा भी है, जिसने दोनों की निजी जिंदगी को लंबे समय तक चर्चा में रखा. अब सालों बाद उसी फिल्म के एक्टर ने उस दौर के सेट को लेकर कुछ ऐसा कहा है, जिसने फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. फोटो साभार-@IMDb
फिल्म में रणबीर कपूर के पिता का किरदार निभाने वाले दिग्गज एक्टर दर्शन जरीवाला ने एक इंटरव्यू के दौरान सेट के माहौल और दोनों सितारों के बीच की बॉन्डिंग पर खुलकर बात की है. फोटो साभार-@IMDb
दर्शन जरीवाला ने हाल ही में सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में एक्टिंग और कलाकारों की भावनाओं पर बात की. उन्होंने कहा कि एक एक्टर अपने किरदार के लिए आसपास की जिंदगी और अपने पर्सनल एक्सपीरियंस से बहुत कुछ लेता है. उन्होंने कहा कि एक कलाकार अपनी पर्सनल फीलिंग्स और जज्बातों को किरदार में डालते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
रणबीर और कटरीना की जोड़ी से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि जो केमिस्ट्री स्क्रीन पर दिखाई देती थी, वह सेट पर भी नजर आती थी. हालांकि, दर्शन ने दोनों के रिश्ते को लेकर कोई दावा नहीं किया, बल्कि अपने एक्सपीरियंस के आधार पर सेट के माहौल की बात की. फोटो साभार-@IMDb
दर्शन जरीवाला ने फिल्म की शूटिंग से जुड़ी एक और खास बात बताई. उन्होंने याद किया कि फिल्म का ऊटी शेड्यूल करीब 40 दिनों का था. उस दौरान पूरी कास्ट और क्रू काफी समय तक एक साथ रहे थे. उन्होंने कहा कि सभी लोग साथ थे और इसी लंबे शूटिंग शेड्यूल में कलाकारों को एक-दूसरे के साथ काफी वक्त बिताने का मौका मिला. फोटो साभार-@IMDb
जिस समय ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ की शूटिंग चल रही थी, उस दौरान दोनों मुख्य कलाकारों की निजी जिंदगी मीडिया की सुर्खियों में बनी हुई थी. उस वक्त कटरीना कैफ का नाम सलमान खान के साथ जोड़ा जाता था, जबकि रणबीर कपूर एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण के साथ रिश्ते में थे. हालांकि, बाद में अपने पुराने रिश्तों से अलग होने के बाद रणबीर और कटरीना एक-दूसरे के करीब आए. फोटो साभार-@IMDb
खुद रणबीर कपूर ने साल 2016 में ‘वोग’ को दिए एक इंटरव्यू में यह स्वीकार किया था कि उन्हें फिल्म ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ की शूटिंग के दौरान ही कटरीना कैफ से प्यार हुआ था. उन्होंने कहा था कि उस फिल्म की कहानी में सादगी और दिल था और उसी शूटिंग के दौरान मुझे कटरीना से प्यार हो गया था.
इस फिल्म में सलमान खान का भी एक कैमियो था. जब दर्शन जरीवाला से पूछा गया कि जिस दिन सलमान खान सेट्स पर आए थे, क्या उस दिन कोई तनाव या घबराहट का माहौल था, तो उन्होंने सादगी से जवाब देते हुए कहा, ‘वो तो मुझे नहीं मालूम है.’ फोटो साभार-@IMDb
आपको बता दें कि रणबीर और कटरीना का रिश्ता करीब छह साल तक चला, लेकिन बाद में दोनों अलग हो गए. रणबीर ने 2022 में आलिया भट्ट से शादी की, जबकि कटरीना कैफ ने दिसंबर 2021 में विक्की कौशल से शादी की. दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं. लेकिन ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ आज भी दोनों के करियर के साथ-साथ उनकी निजी जिंदगी की कहानी का एक अहम अध्याय मानी जाती है. अब दर्शन जरीवाला की बात ने एक बार फिर उस दौर की रणबीर-कटरीना की ऑन-सेट केमिस्ट्री को चर्चा में ला दिया है.











