लखनऊ/एबीएन न्यूज। यात्रियों की सुविधा तथा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लखनऊ रेलवे स्टेशन पर 2 सितंबर को “किलेबंदी टिकट चेकिंग अभियान” (FORTRESS CHECK) चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ श्री सुनील कुमार वर्मा के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री समर्थ गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष अभियान के दौरान स्टेशन पर आने-जाने वाली विभिन्न ट्रेनों एवं स्टेशन परिसर में सघन टिकट जांच की गई।

अभियान के तहत गाड़ी संख्या 14242, 12238, 12230, 15744, 13240, 13010, 14215, 20401, 11124, 13006, 13308 एवं 13151 की जांच की गई। टिकट जांच के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित टिकट के कुल 113 मामले पकड़े गए। रेलवे द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए इन मामलों में कुल 79,820 रुपये का रेल राजस्व/जुर्माना वसूल किया गया।

रेल प्रशासन द्वारा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी निगरानी के लिए नियमित एवं आकस्मिक टिकट जांच अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर एवं सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराने के साथ रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व वैध टिकट अवश्य प्राप्त करें तथा बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट के साथ यात्रा न करें।
![]()











