लखनऊ/ एबीएन न्यूज। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों की पेंशन संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए 15 दिसंबर 2026 को पेंशन अदालत-2026 का आयोजन किया जाएगा। मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस पेंशन अदालत में पेंशन से जुड़े मामलों पर सुनवाई की जाएगी।
पेंशन संबंधी मामलों के आवेदन मंडल कार्यालय स्थित ई-जीआरएस केंद्र, लखनऊ अथवा डाक के माध्यम से 10 अक्टूबर 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
आवेदन पत्र में कर्मचारी, आवेदक अथवा भूतपूर्व कर्मचारी का नाम, पदनाम, विभाग, कार्यस्थल, कर्मचारी से संबंध, भूतपूर्व कर्मचारी की सेवानिवृत्ति अथवा मृत्यु की तिथि, पीपीओ की छायाप्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति, बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड, बैंक का नाम, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी तथा पिन कोड सहित पत्राचार का पता दर्ज करना होगा। इसके साथ पेंशन से संबंधित दावा स्पष्ट रूप से अंकित करते हुए हस्ताक्षर एवं आवश्यक प्रपत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।
आवेदन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल, 10 अशोक मार्ग, हजरतगंज, लखनऊ, उत्तर प्रदेश, पिन कोड-226001 के पते पर भेजा जा सकता है।
![]()















