सोनभद्र/ एबीएन न्यूज। मध्य प्रदेश स्थित बाणसागर बांध से 2 सितंबर की रात 10:30 बजे 8 गेटों के माध्यम से करीब 1.20 लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है। इस अतिरिक्त जलप्रवाह के आज देर शाम तक चोपन गेज साइट पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
चोपन में जलस्तर एवं डिस्चार्ज को नियंत्रित रखने के लिए सुबह 8 बजे रिहंद बांध के 2 अतिरिक्त गेट खोले जाएंगे। इसके बाद रिहंद बांध के कुल 7 गेटों से करीब 77 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा। बाणसागर से छोड़े गए अतिरिक्त पानी के चोपन पहुंचने से पहले जलप्रवाह को संतुलित करने के लिए शाम 5 बजे तक रिहंद बांध के 5 गेट बंद कर दिए जाएंगे और केवल 2 गेट खुले रखे जाएंगे।
प्रशासन द्वारा जलस्तर एवं जलप्रवाह की स्थिति पर लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित अधिकारी तथा राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों की टीमें नदी और आसपास के क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले रही हैं। सोन नदी के आसपास स्थित गांवों में ग्रामीणों को नदी किनारे नहीं जाने और बढ़े जलस्तर से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों से अपील की है कि बाणसागर बांध से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के कारण सोन नदी के जलस्तर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए नदी, नालों एवं जलाशयों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं। विशेष रूप से सोन नदी के किनारे रहने वाले नागरिक पूरी सावधानी बरतें और बच्चों एवं परिजनों को भी नदी के पास जाने से रोकें।
उन्होंने कहा कि प्रशासन जलस्तर में होने वाले प्रत्येक बदलाव की लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है। जनपदवासी प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देते हुए केवल अधिकृत सूचनाओं पर विश्वास करें।
जिला प्रशासन द्वारा बाणसागर एवं रिहंद बांध से होने वाले जलप्रवाह को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से जल प्रबंधन किया जा रहा है। रिहंद बांध से डिस्चार्ज नियंत्रित कर बाणसागर से आने वाले अतिरिक्त जल के कारण चोपन में जलस्तर एवं डिस्चार्ज में अत्यधिक वृद्धि को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पर सतत निगरानी बनी हुई है और आवश्यकता के अनुसार तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने, सतर्क रहने और नदी के आसपास जाने से पूरी तरह बचने की अपील की गई है।
![]()


















