सोनभद्र/ एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में जनसुनवाई कक्ष में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत मूल्य समर्थन योजना में धान खरीद की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने किसानों की सुविधा और धान खरीद व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने खाद्य विभाग के अनुमोदित 38 क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 50 करने के निर्देश दिए। साथ ही मंडी समिति एवं भारतीय खाद्य निगम के दो-दो क्रय केंद्रों के अतिरिक्त दो-दो नए केंद्र बढ़ाने को कहा। जिला पीसीएफ को भी अपने 30 धान क्रय केंद्रों का प्रस्ताव तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने गत वर्ष हुई 1,25,837.34 मीट्रिक टन वास्तविक धान खरीद और जनपद में धान की उत्पादकता को देखते हुए इस वर्ष खरीद लक्ष्य में वृद्धि के निर्देश दिए। उन्होंने जिला खाद्य विपणन अधिकारी एवं उप निदेशक कृषि को आवश्यक कार्रवाई करते हुए 1,70,000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीद से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री वागीश कुमार शुक्ला, उप निदेशक कृषि, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, मंडी सचिव रॉबर्ट्सगंज, जिला खाद्य विपणन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()

















